हेमंत शर्मा, इंदौर। 11 अक्टूबर 2026 को इंदौर के होलकर स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर यातायात पुलिस ने शहर के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। मैच के दौरान दर्शकों की भारी भीड़ को देखते हुए 11 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से मैच समाप्त होने तक कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था बदली रहेगी।
स्टेडियम के आसपास सामान्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सिर्फ पासधारी वाहन और इमरजेंसी वाहन निर्धारित मार्गों से आ-जा सकेंगे।
स्टेडियम जाने वाले दर्शकों के लिए पैदल एंट्री तय
स्टेडियम पहुंचने वाले दर्शकों के लिए भी प्रवेश व्यवस्था तय की गई है।
हुकुमचंद घंटाघर की ओर से आने वाले और पंचम की फेल की ओर से आने वाले दर्शकों को जंजीरवाला चौराहा की ओर से स्टेडियम तक पैदल प्रवेश दिया जाएगा।
वहीं लेंटर्न की ओर से आने वाले दर्शक भी पैदल स्टेडियम की तरफ जा सकेंगे।
यातायात पुलिस ने दर्शकों से अपील की है कि स्टेडियम के आसपास वाहन ले जाने के बजाय संभव हो तो सिटी बस और लोक परिवहन का इस्तेमाल करें।
पास है तो ही स्टेडियम के आसपास वाहन ले जाएं
ट्रैफिक प्लान के मुताबिक पासधारी वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों का स्टेडियम की ओर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
विवेकानंद स्कूल और बास्केटबॉल कॉम्प्लेक्स में पार्किंग पास वाले वाहनों का प्रवेश घंटाघर की ओर से होगा।
वहीं ITC और अभय प्रशाल में पार्किंग पास वाले वाहनों के लिए प्रवेश लेंटर्न चौराहा और यशवंत क्लब रोड की ओर से रहेगा।
बिना पास वालों के लिए ये रहेंगे पार्किंग स्थल
जिन दर्शकों के पास पार्किंग पास नहीं है, उनके लिए अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है।
- बाल विनय मंदिर स्कूल
- SGSITS कैंपस
- पंचम की फेल स्थित मैदान
इन स्थानों पर पार्किंग पहले आओ, पहले पार्क करो के आधार पर होगी। जगह उपलब्ध रहने तक ही वाहन पार्क किए जा सकेंगे।
इन रास्तों पर रहेगा प्रतिबंध
पासधारी और इमरजेंसी वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों के लिए कुछ मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
- लेंटर्न चौराहा से जंजीरवाला चौराहा और इंडस्ट्रीज हाउस तक
- घंटाघर से जंजीरवाला चौराहा और लेंटर्न चौराहा तक
- पलासिया, घंटाघर से हाईकोर्ट और लेंटर्न चौराहा तक
मैच के दौरान इन रास्तों पर जाने से पहले वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करना होगा।
दोपहर 2 बजे से डायवर्शन शुरू
दोपहर 2 बजे से मैच खत्म होने के करीब एक घंटे पहले तक आवश्यकता के अनुसार यातायात डायवर्ट किया जाएगा।
सिटी बस और पासधारी वाहनों को छोड़कर अन्य सवारी वाहनों को जरूरत के मुताबिक रीगल चौराहे से मधुमिलन की ओर डायवर्ट किया जा सकेगा।
गीताभवन से घंटाघर जाने वाले वाहन ढक्कनवाला कुआं होते हुए श्रीमाया और मधुमिलन चौराहे की ओर जा सकेंगे।
वहीं रीगल चौराहे से एमजी रोड, हाईकोर्ट और पलासिया की ओर जाने वाले यातायात को भी आवश्यकता के अनुसार वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा। इस मार्ग पर सिटी बस और इमरजेंसी वाहनों को अनुमति रहेगी।
विजयनगर से मरीमाता जाने वालों के लिए भी बदला रास्ता
विजयनगर की ओर से आने वाले वाहन यदि इंडस्ट्री हाउस, राजकुमार ब्रिज होते हुए मरीमाता की ओर जाना चाहते हैं, तो उन्हें LIG चौराहा, पाटनीपुरा, परदेशीपुरा, सुभाष नगर और कुलकर्णी भट्टा ब्रिज होते हुए मरीमाता की ओर जाने की सलाह दी गई है।
रीगल से पलासिया जाना है तो यह रास्ता अपनाएं
रीगल चौराहे से पलासिया की ओर जाने वाले वाहन चालक व्हाइट चर्च होते हुए AB रोड का इस्तेमाल कर सकेंगे।
वहीं मालवा मिल से जंजीरवाला चौराहा, घंटाघर और इंडस्ट्री हाउस की तरफ जाने वाले वाहन पाटनीपुरा, LIG चौराहा और AB रोड का उपयोग कर सकेंगे।
दर्शकों के लिए सिटी बसों की भी व्यवस्था
दर्शकों की सुविधा के लिए सिटी बसें घंटाघर और हाईकोर्ट चौराहे के आसपास यात्रियों को उतारेंगी।
यहां से दर्शक स्टेडियम तक पैदल जा सकेंगे।
यातायात पुलिस का कहना है कि स्टेडियम के आसपास पार्किंग की जगह बेहद सीमित है, इसलिए दर्शकों को निजी वाहन लाने के बजाय सिटी बस और लोक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
इन रास्तों से बचें—ट्रैफिक पुलिस की अपील
आम लोगों से खास तौर पर कुछ मार्गों का इस्तेमाल करने से बचने की अपील की गई है—
- पलासिया से घंटाघर, हाईकोर्ट और रीगल चौराहा मार्ग
- मालवा मिल से लेंटर्न चौराहा और हाईकोर्ट मार्ग
- गीताभवन से घंटाघर और मालवा मिल जाने वाला मार्ग
- इंडस्ट्रीज हाउस से जंजीरवाला चौराहा जाने वाला मार्ग
पासधारियों के लिए पार्किंग की पूरी सूची
केवल पासधारी वाहनों के लिए—
- यशवंत क्लब पार्किंग
- अभय प्रशाल एवं ITC पार्किंग
- बास्केटबॉल कॉम्प्लेक्स पार्किंग
- विवेकानंद स्कूल पार्किंग
- IDA परिसर पार्किंग
सभी दर्शकों के लिए—पहले आओ, पहले पार्क करो
- बाल विनय मंदिर स्कूल पार्किंग
- SGSITS कैंपस पार्किंग
- पंचम की फेल स्थित मैदान पार्किंग
भीड़ के हिसाब से कभी भी बदली जा सकती है व्यवस्था
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह डायवर्जन व्यवस्था ट्रैफिक के दबाव और दर्शकों की भीड़ को देखते हुए आवश्यकता के अनुसार बदली जा सकती है।
यानी मैच के दिन वाहन चालकों को सिर्फ तय रूट पर निर्भर रहने के बजाय मौके पर यातायात पुलिस के निर्देशों का भी पालन करना होगा।
ट्रैफिक हेल्पलाइन पर करें शिकायत
यातायात संबंधी समस्या होने पर 7049107620 ट्रैफिक हेल्पलाइन पर सूचना दी जा सकती है।
सुविधाओं और यातायात संबंधी जानकारी के लिए इंदौर ट्रैफिक साथी एप्लिकेशन का भी उपयोग किया जा सकता है।
11 अक्टूबर को मैच देखने निकल रहे हैं तो घर से समय लेकर निकलें। स्टेडियम के आसपास वाहन पार्किंग की जगह सीमित है और भीड़ बढ़ने पर डायवर्शन बढ़ाया जा सकता है। इसलिए निजी वाहन की बजाय लोक परिवहन का इस्तेमाल करना दर्शकों के लिए ज्यादा सुविधाजनक रहेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

