चंकी वाजपेयी, इंदौर। इंदौर की 103 साल पुरानी पारंपरिक झिलमिलाती झांकियों का कारवां जब सड़कों पर निकला तो भक्ति और उल्लास के साथ-साथ एक गजब का सियासी सौहार्द भी देखने को मिला। जेल रोड के पास जब भाजपा के कद्दावर कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा का आमना-सामना हुआ तो माहौल पूरी तरह खुशनुमा हो गया।
ये भी पढ़ें: पत्नी की पिटाई में पति की मौत, कोर्ट ने सुनाई आजीवन कारावास की सजा, 2 हजार का जुर्माना भी लगाया
फूलों की गाड़ी से ‘सज्जन’ का स्वागत!
प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा का मंच जेल रोड पर लगा हुआ था। जैसे ही कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय अपनी फूलों से सजी विशेष गाड़ी में सवार होकर वहां से गुजरे, उन्होंने बड़े ही आत्मीय और सज्जनता भरे अंदाज में हाथ जोड़कर सज्जन सिंह वर्मा का अभिवादन किया और फूलों से उनका स्वागत किया। दोनों ही दिग्गज नेताओं के चेहरों पर एक-दूसरे के प्रति अपनापन साफ छलक रहा था।
‘सज्जन’ का माइक पड़ा धीमा, रह गया तीखा तंज!
हमेशा अपने बयानों से भाजपा और मंत्रियों पर चुटीले तंज कसने वाले सज्जन सिंह वर्मा इस बार भी मंत्री जी का आभार व्यक्त करने और अपने जाने-पहचाने मजाकिया अंदाज में कुछ कहने ही वाले थे… कि तभी एन मौके पर माइक की आवाज ही धीमी हो गई। जनता सज्जन भाई की जुबानी कोई जबरदस्त चुटकुला या सियासी तंज सुनने को बेताब थी लेकिन माइक की इस बेवफाई के कारण उनकी आवाज लाउडस्पीकर तक पहुंच ही नहीं सकी। वरना अगर माइक ने साथ दिया होता, तो इस बार भी दोनों दिग्गजों की यह मजेदार जुगलबंदी सियासत की गलियारों में छा जाती!
ये भी पढ़ें: 10 दिन जिनकी श्रद्धा से की पूजा, उनका यह कैसा विसर्जन? उज्जैन में सड़क किनारे लावारिस मिलीं सैकड़ों गणेश प्रतिमाएं
मिलों की झांकियों को संरक्षण देने की मांग
वैसे, इस मजेदार वाकये के बीच गंभीर बात यह रही कि पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने राज्य सरकार से इंदौर की इन ऐतिहासिक कपड़ा मिलों द्वारा निर्मित पारंपरिक झांकियों को स्थायी संरक्षण और बढ़ावा देने की भी मांग उठाई।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


