हेमंत शर्मा, इंदौर। परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। मां और बेटे ने कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिसके बाद दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि एमवाय अस्पताल में इलाज के दौरान मां इंद्रा और उनके बेटे संजय की मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के मुताबिक मां-बेटे घर से निकले थे लेकिन कुछ देर बाद घर से करीब 100 मीटर दूर एक बगीचे में अचेत अवस्था में पड़े मिले। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और परिजनों को सूचना दी। दोनों को गंभीर हालत में एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया लेकिन दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी।
ये भी पढ़ें : ‘नंबर-1 स्वच्छ शहर का यह कैसा खौफनाक सच?’ नलों से बह रहा है काला पानी, सैकड़ों परिवारों की जिंदगी पर संकट
बगीचे में मिला मां-बेटे का अचेत शरीर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटनास्थल से जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
इलाके में शोक, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
एक साथ मां और बेटे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। पड़ोसी और रिश्तेदार भी इस घटना से स्तब्ध हैं। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
ये भी पढ़ें: शराबी ड्राइवरों पर नगर निगम की सख्ती! अब ‘ब्रीथ एनालाइजर’ टेस्ट में पास होने पर ही मिलेगी गाड़ी की चाबी
हर पहलू से जांच कर रही पुलिस
परदेशीपुरा थाना पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि मां-बेटे ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के सही कारण और घटना के पीछे की वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और पुलिस विवेचना के बाद ही हो सकेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


