हेमंत शर्मा, इंदौर। खजराना थाना क्षेत्र में मामूली कहासुनी ने एक युवक की जान ले ली। फोन पर तेज आवाज में बात करने को लेकर हुए विवाद में घायल हुए शहनवाज उर्फ शानू ठेकेदार की 10 दिन तक इलाज के बाद मौत हो गई। अब पुलिस इस मामले में हत्या की धारा जोड़कर आगे की कार्रवाई कर रही है। घटना के दिन शहनवाज उर्फ शानू फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद आरिफ बरकती ने उसे धीरे बात करने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी घर गया और धारदार हथियार लेकर वापस लौटा। इसके बाद उसने शहनवाज पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

आरोपी को जेल भेज दिया

घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग घायल शहनवाज को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पिछले 10 दिनों से उसका इलाज चल रहा था। डॉक्टरों की लगातार कोशिशों के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें आरोपी आरिफ बरकती शहनवाज पर हमला करते हुए दिखाई दिया। घटना के तुरंत बाद खजराना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

शानू के खिलाफ पहले से कुछ आपराधिक मामले

शहनवाज की मौत के बाद पुलिस अब मामले में हत्या की धारा जोड़ने की तैयारी कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में संशोधन किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसीपी आशीष पटेल ने बताया कि मृतक शहनवाज उर्फ शानू के खिलाफ पहले से कुछ आपराधिक मामले दर्ज थे। हालांकि, इस मामले की जांच निष्पक्ष रूप से उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर की जा रही है।

आशीष पटेल, एसीपी इंदौर

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m