हेमंत शर्मा, इंदौर। नगर निगम के प्रस्तावित पार्किंग शुल्क को लेकर इंदौर में सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि नगर निगम पहले से ही जनता पर कई तरह के टैक्स का बोझ डाल रहा है और अब पार्किंग शुल्क के नाम पर एक और भार डालने की तैयारी की जा रही है। वहीं महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि आम लोगों पर कोई नया टैक्स नहीं थोपा जाएगा।

कांग्रेस ने उठाए सवाल, महापौर ने किया आरोपों का खंडन

शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे का दावा है कि इंदौर नगर निगम जनता से 12 तरह के टैक्स वसूल रहा है। अब पार्किंग शुल्क लगाने की चर्चा के बीच कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं कि जब वाहन खरीदते समय ही आरटीओ में पार्किंग से जुड़ा शुल्क लिया जाता है, तो फिर नगर निगम की ओर से अलग से शुल्क लगाने की जरूरत क्यों है? कांग्रेस ने वाहन पंजीयन के दौरान 250 रुपये से लेकर 12 हजार रुपये तक शुल्क लिए जाने का भी दावा किया है। चिंटू चौकसे ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव और नगर निगम पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पार्किंग शुल्क लगाने का प्रस्ताव अगर लाया गया, तो कांग्रेस नगर निगम में उग्र प्रदर्शन करेगी।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा- अभी कोई तैयारी नहीं

कांग्रेस के आरोपों पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि फिलहाल इस तरह का कोई निर्णय या तैयारी नहीं है। उन्होंने कहा कि नगर निगम में इस विषय पर चर्चा होनी है, लेकिन चर्चा से पहले ही कांग्रेस गलत आरोप लगा रही है। महापौर के मुताबिक, आम लोगों पर किसी भी तरह का नया टैक्स नहीं थोपा जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम इस बात के लिए प्रतिबद्ध है और पहले भी स्पष्ट कर चुका है कि जनता पर कोई अतिरिक्त टैक्स नहीं लगाया जाएगा। महापौर ने यह भी कहा कि जिस तरह के टैक्स को लेकर कांग्रेस आरोप लगा रही है, उस दिशा में फिलहाल नगर निगम की ओर से कोई तैयारी नहीं है।

पार्किंग शुल्क पर सियासी टकराव

पार्किंग शुल्क को लेकर कांग्रेस और नगर निगम के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। कांग्रेस इसे जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने की तैयारी बता रही है, जबकि महापौर ने किसी नए टैक्स की तैयारी से इनकार किया है। उन्होंने कहा है कि MIC बैठक में चर्चा की जाएगी। ऐसे में अब नगर निगम में होने वाली चर्चा पर नजर रहेगी कि पार्किंग व्यवस्था को लेकर क्या प्रस्ताव सामने आता है और उस पर अंतिम निर्णय क्या होता है। फिलहाल महापौर के बयान के मुताबिक, आम लोगों पर कोई नया टैक्स लगाने की तैयारी नहीं है। वहीं कांग्रेस ने इस मुद्दे पर अपना विरोध जारी रखने के संकेत दिए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m