हेमंत शर्मा, इंदौर। शहर में नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच चंदन नगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 57.18 ग्राम अवैध कोकीन के साथ एक नाइजीरियन महिला को गिरफ्तार किया है। बरामद कोकीन की कीमत करीब 29 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला नाइजीरिया से बिजनेस वीजा पर भारत आई थी और मुंबई में रह रही थी। अब पुलिस मुंबई-इंदौर ड्रग सप्लाई चेन से लेकर इंटरनेशनल सोर्स और स्थानीय नेटवर्क तक की कड़ियां खंगाल रही है।
आईटी पार्क में संदिग्ध हालत में दिखी विदेशी महिला
29 अगस्त को रक्षाबंधन और जन्माष्टमी के चलते भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस लगातार पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान चंदन नगर थाना पुलिस की टीम को आईटी पार्क सिंहासा में एक विदेशी महिला काले रंग का बैग लेकर संदिग्ध हालत में दिखाई दी।महिला सुनसान स्थान पर खड़ी थी। पुलिस ने उससे वहां खड़े होने का कारण पूछा तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी और घबराकर अंग्रेजी में कुछ बोलने लगी।संदेह बढ़ने पर पुलिस ने महिला से पूछताछ की। उसने अपना नाम इम्यूनल जॉय, निवासी लेगोस, नाइजीरिया और हाल मुकाम बांद्रा ईस्ट, मुंबई बताया।
बैग खुला तो निकली करोड़ों की ड्रग सप्लाई की कड़ी!
पुलिस ने नियमानुसार महिला की तलाशी ली तो उसके बैग से एक पारदर्शी प्लास्टिक थैली बरामद हुई। जांच में उसमें 57.18 ग्राम कोकीन मिली।पुलिस के मुताबिक महिला के पास कोकीन रखने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं था। इसके बाद NDPS एक्ट की धारा 8/21 के तहत चंदन नगर थाने में प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।
29 लाख की कोकीन और मोबाइल जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 29 लाख रुपये कीमत की 57.18 ग्राम कोकीन और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।पूछताछ में पुलिस के मुताबिक महिला ने बताया कि वह कोकीन को कम कीमत में खरीदकर महंगे दामों पर बेचने और जल्दी पैसा कमाने के इरादे से इस अवैध कारोबार में शामिल हुई थी।
14 अगस्त को भारत आई थी महिला
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि इम्यूनल जॉय 14 अगस्त 2026 को नाइजीरिया से भारत आई थी। उसका बिजनेस वीजा 10 फरवरी 2027 तक बताया गया है।महिला ने मुंबई के बांद्रा में अपनी बहन के साथ हेयर सैलून में काम करने की बात भी पुलिस को बताई है।अब पुलिस उसके भारत आने, मुंबई में रहने और इंदौर तक पहुंचने के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
मुंबई से इंदौर तक फैली ड्रग सप्लाई चेन? पुलिस खंगाल रही इंटरनेशनल कनेक्शनचंदन नगर पुलिस की जांच अब सिर्फ गिरफ्तार महिला तक सीमित नहीं है। पुलिस उसके पासपोर्ट, वीजा, इमिग्रेशन रिकॉर्ड, भारत में एंट्री-एग्जिट और विदेशी यात्राओं की जानकारी का सत्यापन करा रही है।इसके साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कोकीन उसे मुंबई में किसने उपलब्ध कराई, इंदौर में वह किसे सप्लाई करने वाली थी और उसके स्थानीय संपर्क कौन-कौन हैं।
मोबाइल खोलेगा ड्रग नेटवर्क के राज!
पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन से मिले डिजिटल एविडेंस और कम्युनिकेशन डेटा का भी विश्लेषण कर रही है। जांच में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ड्रग की सप्लाई कहां से शुरू हुई और आगे किन लोगों तक पहुंचनी थी। पुलिस को उम्मीद है कि डिजिटल साक्ष्यों और पूछताछ के जरिए इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सकेगा।
पुलिस रिमांड लेकर पूछताछ जारी
आरोपी महिला को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का फोकस कोकीन के स्रोत, सप्लायर, स्थानीय संपर्क और संभावित खरीदारों तक पहुंचने पर है।जांच में यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।विदेशी महिला के बैग में 29 लाख की कोकीन, अब बड़े नेटवर्क की तलाशचंदन नगर पुलिस की कार्रवाई ने एक बार फिर इंदौर में ड्रग्स की सप्लाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
नाइजीरिया से भारत आई महिला, मुंबई में ठिकाना और फिर इंदौर में 29 लाख की कोकीन, इन कड़ियों के पीछे आखिर कौन सा नेटवर्क काम कर रहा था?फिलहाल पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया है, लेकिन जांच का असली लक्ष्य उस पूरे अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क तक पहुंचना है, जिसने कोकीन को इंदौर तक पहुंचाया। अब मोबाइल डेटा, इमिग्रेशन रिकॉर्ड और पूछताछ से खुलासा होगा कि यह सिर्फ एक महिला की ड्रग तस्करी थी या इसके पीछे मुंबई से इंदौर और विदेश तक फैला कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


