हेमंत शर्मा, इंदौर। सोशल मीडिया पर दोस्ती कर युवती से ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को यूरोप में कार शोरूम संचालक बताते हुए युवती को अपने जाल में फंसाया। कुछ दिनों तक बातचीत के बाद आरोपी ने जन्मदिन पर गिफ्ट भेजने की बात कही और मुंबई एयरपोर्ट पर पार्सल पहुंचने का झांसा देकर अलग-अलग चार्ज के नाम पर युवती से 1.47 लाख रुपये जमा करवा लिए। मामला सामने आने के बाद हीरानगर पुलिस ने युवती की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सोशल मीडिया पर दोस्ती, फिर शुरू हुआ ठगी का खेल

जानकारी के मुताबिक, इंदौर के गौरी नगर क्षेत्र में रहने वाली युवती की सोशल मीडिया के जरिए आरोपी से दोस्ती हुई थी। आरोपी ने बातचीत के दौरान खुद को यूरोप में कार शोरूम संचालक बताया और धीरे-धीरे युवती को अपने विश्वास में ले लिया। कुछ दिनों की बातचीत के बाद आरोपी ने युवती को बहन बनाने का झांसा दिया। इसके बाद उसने युवती से कहा कि वह उसके जन्मदिन पर विदेश से गिफ्ट भेज रहा है।

मुंबई एयरपोर्ट पर पार्सल पहुंचने की कहानी

आरोपी ने युवती को बताया कि गिफ्ट का पार्सल मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंच गया है। इसके बाद पार्सल छुड़ाने और कस्टम प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर युवती से रुपये मांगे गए। आरोपी ने अलग-अलग कस्टम, पार्सल और अन्य चार्ज का हवाला देकर युवती को अलग-अलग किश्तों में पैसे जमा करने के लिए कहा। युवती आरोपी की बातों में आती गई और उसके बताए खातों में रकम ट्रांसफर करती रही।

1.47 लाख जमा कराने के बाद भी जारी रही मांग

आरोपी ने युवती से करीब 1.47 लाख रुपये अलग-अलग किश्तों में जमा करवा लिए। इसके बावजूद आरोपी की पैसों की मांग बंद नहीं हुई। जब युवती से लगातार और रुपये मांगे जाने लगे तो उसे पूरे मामले पर शक हुआ। इसके बाद उसने आरोपी से सवाल किए।

भारत आने और पुलिस के रोक लिए जाने की सुनाई कहानी

रकम लेने के बाद आरोपी ने युवती को यह भरोसा दिलाने की कोशिश की कि वह खुद भारत आ रहा है। बाद में उसने कहानी बदलते हुए कहा कि भारत आने के बाद पुलिस ने उसे रोक लिया है। आरोपी ने युवती से फिर रुपये मांगे। लगातार पैसे की मांग होने के बाद युवती को समझ आ गया कि उसके साथ ठगी की जा रही है।

साइबर हेल्पलाइन पर की शिकायत

ठगी का एहसास होने के बाद युवती ने मामले की शिकायत साइबर हेल्पलाइन पर की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। हीरानगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। अब पुलिस आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट, मोबाइल नंबर, बैंक खातों और जिन खातों में रकम ट्रांसफर की गई है, उनकी जानकारी जुटा रही है।

सोशल मीडिया पर दोस्ती से रहें सावधान

यह मामला एक बार फिर सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती के बाद होने वाली साइबर ठगी को उजागर करता है। ठग पहले दोस्ती और विश्वास का रिश्ता बनाते हैं और फिर गिफ्ट, पार्सल, कस्टम ड्यूटी, एयरपोर्ट चार्ज या अन्य शुल्क के नाम पर पैसे मांगते हैं। पुलिस की अपील है कि सोशल मीडिया पर किसी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर पैसे ट्रांसफर न करें। विदेश से गिफ्ट या पार्सल आने के नाम पर अगर कोई व्यक्ति कस्टम या अन्य शुल्क के लिए निजी खाते में रकम जमा करने को कहता है तो पहले उसकी सत्यता की जांच करें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m