चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में बायपास स्थित रिसॉर्ट के पास ट्रक की टक्कर से नगर निगम की पानी सप्लाई लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन के जॉइंट में लीकेज होने के कारण क्षेत्र में जलप्रदाय प्रभावित हुआ है। इस घटना के चलते शहर के कुछ इलाकों में पानी का दबाव कम रहने और रोजाना की तुलना में कम पानी मिलने की संभावना है। नगर निगम की टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और मरम्मत का काम शुरू कर दिया।

अधिकारियों के मुताबिक, प्रभावित क्षेत्रों में पानी की समस्या को देखते हुए जरूरत पड़ने पर टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति की व्यवस्था भी की जाएगी। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस दुर्घटना में करीब तीन से चार एमएलडी पानी का नुकसान हो सकता है। अधिकारियों ने बताया कि नर्मदा जलप्रदाय व्यवस्था में कई बार दुर्घटनाओं और तकनीकी कारणों से बाधा आती है। 

हाल ही में बिजली लाइन से जुड़ी घटना के कारण भी पंपिंग कुछ समय के लिए बंद करनी पड़ी थी। ऐसे में निगम का दावा है कि आपात स्थिति में टीम तत्काल कार्रवाई कर सप्लाई बहाल करने का प्रयास करती है। फिलहाल, क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत कर जल्द से जल्द जलप्रदाय सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m