चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश की सड़कों पर आपने गड्ढे देखें होंगे लेकिन प्रदेश की आर्थिक राजधानी और देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शहर में सरकारी आवास योजना के तहत बने एक फ्लैट में रात को सोते समय अचानक फर्श धंस गया और बेडरूम में 4 से 5 फीट गहरा गड्ढा हो गया। हादसे के वक्त परिवार के लोग पलंग पर सो रहे थे जो सीधे गड्ढे में जा धंसा।
ये भी पढ़ें: कान्हा टाइगर रिजर्व में सांभर का शिकार: पोला पर्व की रात वन विभाग की बड़ी रेड, 3 शिकारी दबोचे!
सोते समय हिलने लगा पलंग, नीचे देखा तो उड़े होश
घटना गांधीनगर क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने बहुमंजिला फ्लैट की है। पीड़ित मकान मालिक कृष्णा ने बताया कि वह रात में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ कमरे में सो रहे थे। तभी अचानक पलंग हिलने लगा और तेज आवाज के साथ कमरे की जमीन 5 फीट नीचे धंस गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन पलंग हटाकर देखने पर नीचे इतना बड़ा गड्ढा देखकर परिवार की रूह कांप गई।
पास के फ्लैट की बाथरूम धंसी, गर्भवती महिला का परिवार खौफ में
फर्श धंसने का यह सिलसिला केवल एक कमरे तक सीमित नहीं रहा। पास ही स्थित दूसरे फ्लैट के बाथरूम की जमीन भी अचानक नीचे धंस गई। वहां रहने वाले परिवार ने बताया कि उनके घर में गर्भवती महिला है और जमीन के नीचे से लगातार आवाजें आ रही हैं। खतरे को देखते हुए आसपास के लोगों ने अपने कमरों से सामान हटाकर खाली करना शुरू कर दिया है।
ये भी पढ़ें: ‘बकरी चराने नहीं, फेंसिंग के काम पर गया था बेटा…’ कटनी में 15 वर्षीय मासूम की मौत, वन विभाग पर उठे गंभीर सवाल
प्रशासन गायब, खुद मिस्त्री बुलाकर करा रहे मरम्मत
इतने बड़े हादसे और घटिया निर्माण की पोल खुलने के बाद भी नगर निगम या जिला प्रशासन का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। मजबूरन फ्लैट मालिकों ने अपनी जेब से पैसे खर्च कर निजी मिस्त्रियों को बुलाया है और फिर से स्लैब ढलवाने का काम शुरू कराया है। सरकारी दावों के बीच इस घटना ने पीएम आवास योजना के तहत बने मकानों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



