चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ पूजा-पाठ कराने वाले पुजारियों को ही ठगी का शिकार बनाया गया है। आरोप है कि वास्तु दोष और हवन-पूजन के बहाने पुजारियों को घर बुलाकर शेयर मार्केट और विभिन्न कंपनियों में निवेश करने का लालच दिया गया, और इसके बाद लाखों रुपए की ठगी की वारदात को अंजाम दिया गया। इस मामले में पीड़ित पुजारियों ने इंदौर पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुँचकर न्याय की गुहार लगाई है।

पूजा-पाठ के बहाने शुरू हुआ झांसे का खेल


जानकारी के अनुसार, पंडित राजेश शास्त्री ने पुलिस कमिश्नर के समक्ष शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि करीब 4-5 महीने पहले खातीवाला टैंक इलाके में रहने वाले एक दंपति नितिन और उनकी पत्नी पारागीता जोशी ने अपने घर पर वास्तु दोष निवारण और भगवान के हवन-पूजन के लिए उन्हें और अन्य पंडितों को आमंत्रित किया था।

जब सभी पंडित पूजा-पाठ के लिए उनके घर पहुँचे, तो बातचीत के दौरान दंपति ने पुजारियों से कहा कि— “पूजा-पाठ से आप लोग कितना कमा लेते हैं? यदि अधिक मुनाफा कमाना चाहते हैं, तो हमारी कंपनी और शेयर मार्केट में इन्वेस्टमेंट करिए।” हवन-पूजन संपन्न होने के बाद आरोपियों ने पुजारियों को शेयर मार्केट और कंपनियों में भारी मुनाफे का सब्जबाग दिखाया।

60 लाख रुपए से अधिक की ठगी का अंदेशा


दंपति के झांसे में आकर पंडित राजेश शास्त्री ने खुद 7 लाख रुपए का इन्वेस्टमेंट कर दिया। इतना ही नहीं, उनसे जुड़े अन्य कई पुजारी भी इस जाल में फंस गए और उन्होंने शेयर मार्केट व फर्जी कंपनियों में लाखों रुपए लगा दिए। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, सभी पुजारियों को मिलाकर कुल 60 लाख रुपए की ठगी की गई है।

फिलहाल, 6 से अधिक पीड़ित पुजारी जनसुनवाई में अपनी शिकायत लेकर पहुँचे हैं, लेकिन आरोपी दंपति फिलहाल अपने ठिकाने से नदारद बताए जा रहे हैं। पुजारियों ने पुलिस कमिश्नर से मांग की है कि उनकी पूजा-पाठ की मेहनत की गाढ़ी कमाई को वापस दिलाया जाए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुट गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m