चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश पुलिस विभाग में हाल ही में जारी हुई आरक्षक से प्रधान आरक्षक की पदोन्नति सूची को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। वरिष्ठता सूची में विसंगतियों और गंभीर त्रुटियों के आरोप लगाते हुए इंदौर में 50 से अधिक पुलिसकर्मी एकजुट होकर पुलिस मुख्यालय पहुंचे। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने पूरी तरह अनुशासन का परिचय देते हुए एडिशनल पुलिस कमिश्नर मयंक अवस्थी से मुलाकात की और अपनी आपत्तियों से जुड़ा एक विस्तृत आवेदन उन्हें सौंपा।
ये भी पढ़ें: EXCLUSIVE: कूनो नेशनल पार्क में ‘मीट घोटाला’: बिना टेंडर खरीद और फर्जी वजन दिखाकर सरकारी खजाने में सेंध, EOW तक पहुंची शिकायत
जूनियर प्रमोट हो गए और ट्रांसफर वाले ‘सीनियर’ छूट गए!
दरअसल, पिछले दिनों मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा आरक्षक से प्रधान आरक्षक की पदोन्नति की एक बड़ी सूची जारी की गई थी, जिसके तहत प्रदेश भर के 1,168 आरक्षकों को लाभ दिया गया था। लेकिन सूची सामने आते ही विसंगतियां भी उजागर होने लगीं।
वर्ष 2010 बैच में भर्ती हुए कई पुलिसकर्मियों ने आरोप लगाया है कि वे अब तक एक ही पद पर कार्य कर रहे हैं, जबकि इस सूची में उनकी उपेक्षा की गई है। पदोन्नति सूची में विसंगति का सबसे बड़ा कारण जिलों का स्थानांतरण होना बताया जा रहा है। कई ऐसे पुलिसकर्मी हैं जो अन्य जिलों से ट्रांसफर होकर इंदौर जिले में पदस्थ हुए हैं। तकनीकी कारणों से इस लिस्ट में उनका नाम शामिल नहीं हो पाया, जबकि सेवाकाल में उनके बाद भर्ती हुए अन्य पुलिसकर्मियों को पदोन्नत कर दिया गया।
ये भी पढ़ें: 50 हेक्टेयर जंगल पर बाहरी लोगों का कब्जा, बने नए आधार कार्ड? रोजगार सहायक पर आरोप, क्या सो रहा है वन विभाग?
प्रत्येक आवेदन की होगी बारीकी से जांच: एडिशनल CP मयंक अवस्थी
पुलिस मुख्यालय पहुंचे जवानों की बात सुनने के बाद एडिशनल पुलिस कमिश्नर मयंक अवस्थी ने उन्हें उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि पदोन्नति को लेकर पिछले दिनों जो सूची जारी की गई थी, उसमें नियमानुसार यह प्रावधान पहले से ही था कि यदि किसी कर्मचारी को कोई आपत्ति हो या सूची में कोई लिपिकीय त्रुटि हो, तो वे अपनी बात रख सकते हैं। इसी के तहत पुलिसकर्मियों द्वारा आवेदन सौंपे गए हैं। हम प्राप्त हुए प्रत्येक आवेदन की बारीकी से जांच और सत्यापन करेंगे। पदोन्नति सूची में जो भी तकनीकी या व्यावहारिक त्रुटियां पाई जाएंगी, उन्हें तत्काल सुधारा जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

