कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट ‘चीता प्रोजेक्ट’ पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं। श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क में चीतों के लिए बकरा, पाड़ा और मीट सप्लाई के नाम पर करोड़ों रुपये के सरकारी फंड में हेराफेरी का आरोप लगाया गया है। ग्वालियर EOW में की गई शिकायत में बिना टेंडर खरीद,फर्जी वजन, मनमाने भुगतान और टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ी जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। श्योपुर के रहने वाले शिकायतकर्ता मोहम्मद चीनी कुरैशी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

ये भी पढ़ें: 50 हेक्टेयर जंगल पर बाहरी लोगों का कब्जा, बने नए आधार कार्ड? रोजगार सहायक पर आरोप, क्या सो रहा है वन विभाग?

बिना टेंडर खरीद और 700 रुपये प्रति किलो का मनमाना भुगतान!

दरअसल शिकायत के मुताबिक सितंबर 2022 में चीतों के कूनो आने के बाद शुरुआती दौर में बकरा और पड़ा बिना टेंडर के खरीदे गए। आरोप है कि सप्लायर को करीब 700 रुपये प्रति किलो की दर से भुगतान किया गया, जबकि वास्तविक वजन और खरीद प्रक्रिया में अनियमितताएं बरती गईं, शिकायतकर्ता का दावा है कि फर्जी वजन दिखाकर सरकारी राशि का दुरुपयोग किया गया।

EOW की जांच पर टिकी निगाहें: क्या दर्ज होगा आपराधिक मुकदमा?

ग्वालियर EOW में की गई शिकायत में वर्ष 2024-25, 2025-26 और 2026-27 के टेंडरों पर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि कम दर वाले टेंडरों को निरस्त कर अधिक दर वाले सप्लायर को फायदा पहुंचाया गया। साथ ही टेंडर प्रक्रिया में प्रतिस्पर्धा के नियमों का पालन नहीं किया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि विभागीय अधिकारियों और सप्लायर की मिलीभगत से करोड़ों रुपये की सरकारी राशि का नुकसान हुआ।

कूनो SDO और मीट सप्लायर पर मिली भगत का आरोप

शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि SDO कूनो और वर्तमान मीट सप्लायर  मिलकर यह फर्जीवाड़ा कर रहे है, बकरों का वास्तविक वजन कम होने के बावजूद अधिक वजन दर्शाकर भुगतान कराया जा रहा हे। आरोप है कि प्रत्येक बकरे के वजन में 20 से 30 किलो तक की बढ़ोतरी दिखाकर भुगतान किया गया। इसके अलावा ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया में भी गड़बड़ी और एक कंप्यूटर ऑपरेटर की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं।

शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषी अधिकारियों और सप्लायर के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने तथा भविष्य में कूनो में बकरा-पाड़ा सप्लाई की पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल इन आरोपों में कितनी सच्चाई है। यह EOW की जांच काफी हद तक साफ करेगी।

ये भी पढ़ें: गरीबों के राशन में मिला जानवर का कंकाल! सरकारी बोरी खोलते ही निकली सिर और पैर की हड्डी, भड़के ग्रामीण

बहरहाल जिस कूनो नेशनल पार्क को दुनिया भर में चीता प्रोजेक्ट के लिए पहचान मिली, वहीं अब सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोपों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब निगाहें इस बात पर हैं कि EOW इन आरोपों की जांच कब और किस स्तर पर करता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m