मुकेश सेन, टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले से सरकारी राशन वितरण प्रणाली में खौफनाक और घोर लापरवाही सामने आई है। जिसने पूरे प्रशासनिक महकमे को हिलाकर रख दिया है। जिले के नन्नी टेहरी गांव में स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान पर गरीबों के राशन में जानवरों का कंकाल मिलने से हड़कंप मच गया है। राशन की बोरियां खोलते ही उसमें से जानवरों के सिर और पैर की हड्डियां निकली हैं, जिसके बाद से पूरे गांव में भारी आक्रोश और सनसनी फैल गई है।

ये भी पढ़ें: सावधान! जेवर चमकाने और बर्तन बदलने के नाम पर नेमावर में 20 लाख की चपत, जानें कैसे जालसाज ने महिलाओं को ठगा

बोरी खोलते ही निकले जानवरों के अवशेष

मिली जानकारी के अनुसार नन्नी टेहरी गांव के शासकीय उचित मूल्य की दुकान पर हमेशा की तरह गरीब हितग्राही अपना मासिक राशन लेने पहुंचे थे। जैसे ही कोटेदार ने वितरण के लिए अनाज की बोरियों को खोला तो वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए।

थाली में परोसा जा रहा था ‘मौत का सामान’

बोरियों के अंदर अनाज के साथ जानवरों के सिर का हिस्सा और पैर की सड़ी-गली हड्डियां मिलीं। जानवरों के कंकाल और अवशेष मिलने की बात जंगल में आग की तरह पूरे गांव में फैल गई। राशन लेने पहुंचे ग्रामीणों और महिला हितग्राहियों ने इस बेहद दूषित और अपवित्र अनाज को लेने से साफ इनकार कर दिया है।

वितरण प्रणाली की खुली पोल, विभाग की बड़ी लापरवाही

इस घटना ने मध्य प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की गुणवत्ता नियंत्रण और राशन वितरण प्रणाली की पोल खोलकर रख दी है।

पहला सवाल: वेयरहाउस से राशन पैक होते समय और परिवहन के दौरान इन बोरियों की जांच क्यों नहीं की गई?

दूसरा सवाल: क्या गरीबों को जानबूझकर सड़ा-गला और जानवरों के अवशेषों से मिला हुआ अनाज बांटा जा रहा था?

राशन दुकान का सारा अनाज सीज

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे टीकमगढ़ के खाद्य निरीक्षक सार्थक तिवारी ने बताया कि राशन दुकान में रखा पूरा माल सील करा दिया गया है। हितग्राहियों के जल्द ही दूसरा स्टॉक उपलब्ध कराया जाएगा। सार्थक तिवारी ने कहा कि यह पता लगाया जाएगा कि ये माल कहां से आया था। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें: SECL और प्रशासन की लापरवाही! PM श्री स्कूल के पास धंसी जमीन, 800 बच्चों की जिंदगी दांव पर, पटवारी नदारद

ग्रामीणों ने इस बेहद शर्मनाक और गंभीर मामले को लेकर खाद्य विभाग के आला अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों की मांग है कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाए। फिलहाल, गांव की राशन दुकान पर भारी तनाव और हंगामे की स्थिति बनी हुई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m