हेमंत शर्मा, इंदौर। शहर में कानून व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी जिन पुलिसकर्मियों के कंधों पर है, उन्हीं पर ड्यूटी के दौरान एक बदमाश के साथ शराब पीने के गंभीर आरोप लगे है। मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों की ओर से की गई शिकायत और CCTV फुटेज के आधार पर तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। मामला तिलक नगर थाने की एफआरवी टीम से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि शनिवार देर रात ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी अपनी गश्त छोड़कर एक बदमाश के साथ शराब पीने पहुंच गए।

चोरों पर नजर रखने के लिए लगे कैमरे में कैद हुई पुलिस की गतिविधि

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में सुरक्षा के लिए लगाए गए CCTV कैमरों में पुलिसकर्मियों की गतिविधियां रिकॉर्ड हो गईं। फुटेज सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम तक शिकायत पहुंचाई। बताया जा रहा है कि एफआरवी वाहन देर रात करीब 12 से 1 बजे के बीच अपने निर्धारित क्षेत्र से कई किलोमीटर दूर पहुंचा था। आरोप है कि पुलिसकर्मी खुड़ैल थाना क्षेत्र के एक गांव में गए, जहां एक बदमाश के साथ बैठकर शराब पी गई।

बिना नंबर की बाइक से पहुंचा था बदमाश

मामले में यह भी जानकारी सामने आई है कि संबंधित बदमाश बिना नंबर की बाइक से वहां पहुंचा था। आरोप है कि उसने पुलिस वाहन के पास बाइक खड़ी की और इसके बाद शराब पीने का सिलसिला शुरू हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह घटनाक्रम काफी देर तक चलता रहा। क्षेत्र में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग में पुलिस वाहन और वहां मौजूद लोगों की गतिविधियां कैद होने का दावा किया गया है।

शिकायत पहुंची कंट्रोल रूम, अब होगी जांच

स्थानीय रहवासियों ने मामले की शिकायत पुलिस कंट्रोल रूम में की। इसके बाद मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच के निर्देश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि एफआरवी में शामिल एएसआई, हेड कांस्टेबल और वाहन चालक की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम और उपलब्ध फुटेज की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। अब जांच के बाद ही साफ होगा कि ड्यूटी के दौरान आखिर क्या हुआ और आरोपों में कितनी सच्चाई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m