हेमंत शर्मा, इंदौर। राहुल गांधी के प्रस्तावित इंदौर दौरे को लेकर मध्य प्रदेश की सियासत में पहले ही गर्मी है, अब नेताओं की जुबान ने इस सियासी तापमान को और बढ़ा दिया है। राहुल गांधी के दौरे को लेकर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक ने ऐसा पलटवार किया कि ‘घंटा’ शब्द एक बार फिर इंदौर की राजनीति के केंद्र में आ गया।

विजयवर्गीय ने राहुल गांधी के इंदौर दौरे को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा था कि राहुल गांधी के आने से कांग्रेस को ही फायदा होगा। इसी बयान पर रागिनी नायक ने विजयवर्गीय की ही भाषा के अंदाज में पलटवार करते हुए कहा- “भाजपा को घंटा फायदा होगा।”

‘पहले अपने गिरेबान में झांकें’- रागिनी का तंज

रागिनी नायक ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि नेताओं को बयान देने से पहले अपने गिरेबान में जरूर झांकना चाहिए। उनका निशाना सीधे तौर पर कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर था। यानी कांग्रेस की ओर से संदेश साफ है कि राहुल गांधी के दौरे को लेकर भाजपा जितना राजनीतिक हमला करेगी, कांग्रेस उतनी ही आक्रामक भाषा में जवाब देगी।

राहुल के दौरे पर क्यों मचा है सियासी घमासान?

राहुल गांधी का इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसे कांग्रेस युवाओं और छात्रों से संवाद के बड़े कार्यक्रम के तौर पर देख रही है। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस तैयारियों में जुटी है और इंदौर में राहुल गांधी के दौरे को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

दूसरी तरफ भाजपा की ओर से राहुल गांधी के दौरे और कांग्रेस की राजनीतिक रणनीति पर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। ऐसे में दौरा अभी हुआ भी नहीं और उससे पहले ही बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है।

एक बयान भाजपा का, पलटवार कांग्रेस का

कैलाश विजयवर्गीय के बयान को कांग्रेस ने हाथों-हाथ लिया और रागिनी नायक ने उसी अंदाज में जवाब देकर सियासी बहस को नया रंग दे दिया। मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि कांग्रेस को फायदा होगा। वहीं रागिनी नायक बोलीं कि भाजपा को ‘घंटा’ फायदा होगा। शब्दों की यह लड़ाई अब सिर्फ राहुल गांधी के दौरे तक सीमित नहीं दिख रही, बल्कि इंदौर की राजनीति में भाजपा-कांग्रेस के बीच बढ़ती तल्खी का नया उदाहरण बन गई है।

कांग्रेस का भाजपा पर सीधा हमला

कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा राहुल गांधी के छात्र संवाद कार्यक्रम को लेकर बेचैन है और इसी वजह से कांग्रेस के कार्यक्रम पर बयानबाजी की जा रही है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी छात्रों, युवाओं, रोजगार और शिक्षा जैसे मुद्दों पर संवाद करने इंदौर आ रहे हैं।

‘घंटा’ शब्द से शुरू हुई बात, अब सियासी तंज तक पहुंची

कैलाश विजयवर्गीय के बयानों में पहले भी तीखे और विवादित राजनीतिक तंज सुर्खियों में रहे हैं। जून 2026 में उनके एक बयान में ‘काफिर’ शब्द के इस्तेमाल को लेकर भी राजनीतिक विवाद हुआ था। अब राहुल गांधी के इंदौर दौरे से पहले ‘बीजेपी को फायदा’ वाला बयान सामने आने के बाद कांग्रेस ने भी उसी शब्द को हथियार बनाकर पलटवार किया है।

फिलहाल सवाल राहुल गांधी के दौरे का कम और उससे पहले चल रही सियासी जुबानी जंग का ज्यादा हो गया है। दौरे से कांग्रेस को फायदा होगा या भाजपा को, इसका फैसला तो जनता करेगी, लेकिन इतना जरूर है कि इंदौर में राहुल की एंट्री से पहले ही भाजपा-कांग्रेस की सियासत में ‘घंटा’ जरूर बजने लगा है।

BJP ने किया पलटवार

बीजेपी प्रवक्ता, मां अहिल्या की नगरी में इस तरह की भाषा एक महिला को शोभा नहीं देती है। यह सोनिया गांधी की भाषा है। कांग्रेस को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए। क्या राहुल  यहां आकर Gen-Z को इसी तरह की भाषा सिखाएंगे। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के सवाल पर उन्होंने कहा कि मंत्री ने अपना स्पष्टीकरण दे दिया है। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m