हेमंत शर्मा, इंदौर। राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने भले ही पूरा ब्लूप्रिंट तैयार कर लिया हो, लेकिन कार्यक्रम से पहले ही अनुमति का पेंच फंसता नजर आ रहा है। इंदौर विकास प्राधिकरण यानी IDA ने कार्यक्रम के लिए जमीन देने की अनुमति तो दे दी है, लेकिन इसके साथ कई शर्तें भी रखी गई हैं। वहीं सबसे अहम बात यह है कि अब तक पुलिस की अनुमति नहीं मिली है। ऐसे में IDA से मिली मंजूरी के बावजूद कार्यक्रम का रास्ता पूरी तरह साफ नहीं हुआ है।

कांग्रेस की ओर से 19 सितंबर को रीजनल पार्क के सामने स्थित भारत जोड़ो मैदान में कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके लिए 17 से 19 सितंबर तक करीब 12 हजार वर्गमीटर रिक्त भूमि उपलब्ध कराने की अनुमति IDA ने दी है। हालांकि IDA ने साफ किया है कि उसने केवल जमीन उपलब्ध कराई है। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से लेकर संबंधित विभागों की अनुमति लेने की जिम्मेदारी आयोजकों की होगी।

IDA ने अपनी अनुमति में पांच शर्तें रखी हैं। इनमें कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था आयोजकों द्वारा किए जाने, संबंधित विभागों से जरूरी अनुमतियां लेने, ध्वनि विस्तार यंत्र के लिए अनुमति प्राप्त करने और तय अवधि के बाहर जमीन का इस्तेमाल करने पर अतिरिक्त लीज रेंट देने जैसी शर्तें शामिल हैं। यानी जमीन मिल गई, लेकिन कार्यक्रम की सुरक्षा और प्रशासनिक अनुमति का रास्ता अभी बाकी है। खास तौर पर पुलिस की अनुमति को लेकर अब कांग्रेस की निगाहें पुलिस प्रशासन पर टिकी हैं।

इसी कड़ी में इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर 19 सितंबर के कार्यक्रम के लिए अनुमति मांगी है। पत्र में बताया गया है कि कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी और इसके बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी युवाओं और विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। कांग्रेस ने पुलिस से कार्यक्रम की अनुमति देने के साथ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया है।

कांग्रेस ने कार्यक्रम का ब्लूप्रिंट तैयार कर लिया, IDA की जमीन भी मिल गई, लेकिन पुलिस की अनुमति अब सबसे बड़ा सवाल बन गई है। एक तरफ कांग्रेस बड़े स्तर पर राहुल गांधी के कार्यक्रम की तैयारी में जुटी है, तो दूसरी तरफ प्रशासनिक मंजूरियों की कड़ी अभी पूरी नहीं हुई है। ऐसे में सवाल यही है कि क्या कार्यक्रम से पहले पुलिस की हरी झंडी मिल पाएगी या अनुमति का यह पेंच कांग्रेस की तैयारियों पर आखिरी वक्त में असर डालेगा?

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m