हेमंत शर्मा, इंदौर। इंदौर के विजयनगर थाना क्षेत्र में एक बार फिर पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित होटल डेस्टिनी में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां चलती रहीं और पुलिस को भनक तक नहीं लगी या फिर अनदेखी की जाती रही ? गोपनीय शिकायत मिलने के बाद जब पुलिस हरकत में आई, तब जाकर होटल का डीवीआर और रजिस्टर जब्त किया गया। लेकिन बड़ा सवाल यही है कि आखिर इतनी नजदीक अवैध गतिविधियां चलती रहीं और जिम्मेदारों को पता क्यों नहीं चला?
एसीपी पराग सैनी ने साफ कहा है कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है और पूरे मामले की जांच जारी है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर किसी पुलिसकर्मी की मिलीभगत सामने आती है तो सीधे कार्रवाई होगी।रहवासियों का बड़ा आरोप- “होटल में चलता था गंदा खेल, पुलिसकर्मी ही बैठे दिखते थे”
स्थानीय लोगों ने किया चौंकाने वाला खुलासा
स्थानीय लोगों ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। उनका कहना है कि होटल में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां चल रही थीं। इलाके के लोग परेशान थे, लेकिन शिकायत करने की हिम्मत इसलिए नहीं जुटा पाए क्योंकि खुद पुलिस के कुछ लोग होटल में बैठे नजर आते थे। होटल संचालक पर भी सवाल- कौन है ये बाहरी व्यक्ति?
सुरक्षा पर बड़ा खतरा!
सूत्रों के मुताबिक, होटल संचालक खुद को मथुरा का निवासी बता रहा है, लेकिन इंदौर में उसका कोई ठिकाना स्पष्ट नहीं है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर कौन लोग शहर में आकर होटल चला रहे हैं और किन पहचान पत्रों के आधार पर कमरे दिए जा रहे हैं? अगर फर्जी आईडी पर कमरे दिए जा रहे थे, तो यह सीधे-सीधे अपराधियों को पनाह देने जैसा मामला बन सकता है। इससे शहर की सुरक्षा पर भी बड़ा खतरा मंडरा सकता है।
रेजिडेंशियल एरिया में होटल, नियमों की खुलेआम धज्जियां
रहवासियों ने अब नगर निगम में शिकायत करने का फैसला लिया है। उनका कहना है कि जिस इलाके में होटल चल रहा है, वह रिहायशी क्षेत्र है, जहां व्यावसायिक गतिविधियां नियमों के खिलाफ हैं। इसके बावजूद होटल धड़ल्ले से चल रहा था और जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठा रहा।
कार्रवाई या सिर्फ खानापूर्ति?
फिलहाल पुलिस ने डीवीआर और रजिस्टर जब्त कर जांच शुरू कर दी है। लेकिन बड़ा सवाल यही है कि क्या इस मामले में सिर्फ कागजी कार्रवाई होगी या फिर सच में जिम्मेदारों पर गाज गिरेगी? इंदौर में कानून का डर खत्म हो रहा है या फिर कुछ लोग सिस्टम को अपनी जेब में लेकर घूम रहे हैं, यह मामला अब उसी की सच्चाई सामने लाएगा।

