चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली के निजी और मीडिया सलाहकार ओवैसी रहमानी के खिलाफ एक पूर्व कार्यकर्ता और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को फोन पर धमकाने और गाली-गलौज करने के मामले में आजाद नगर थाने में FIR दर्ज की गई है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।
क्या है पूरा मामला?
आजाद नगर पुलिस के मुताबिक, फरियादी मोहम्मद अमीर पहले AIMIM पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं। वे 2018 से लेकर सितंबर 2026 तक पार्टी से जुड़े रहे, लेकिन सितंबर 2026 में उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी और वर्तमान में वे सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के रूप में काम कर रहे हैं।
पीड़ित मोहम्मद अमीर ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 17 अक्टूबर को वह अपने दोस्तों के साथ रिंग रोड स्थित एक चाय की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान उनके पास AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली के निजी और मीडिया सलाहकार ओवैसी रहमानी का फोन आया।
आरोप है कि फोन पर ओवैसी रहमानी ने उनसे कहा, “तुम प्रदेश अध्यक्ष के बारे में सोशल मीडिया पर क्यों गलत बातें लिखते हो? तुम पार्टी के कई वर्षों तक कार्यकर्ता रहे हो और अंदर की बातें जानते हो, फिर ऐसा क्यों कर रहे हो?”
इस पर मोहम्मद अमीर ने जवाब दिया कि वे जो भी लिखते हैं, वह पुख्ता तथ्यों और सबूतों के आधार पर लिखते हैं, कोई गलत बात नहीं लिखते। इसी बात को लेकर दोनों के बीच फोन पर तीखी बहस हो गई। आरोप है कि बातचीत के दौरान ओवैसी रहमानी ने उन्हें डराया-धमकाया और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।
डर के कारण देर से दर्ज कराई शिकायत
घटना के समय डर की वजह से फरियादी ने तुरंत पुलिस में शिकायत नहीं की थी। हालांकि, स्थिति स्पष्ट होने के बाद मंगलवार रात को आजाद नगर थाने पहुंचकर आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई गई, जिस पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए मामला दर्ज कर लिया।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को शिकायत मिल चुकी है और कॉल रिकॉर्ड्स व नंबर के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है।
इस घटना के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। पार्टी के ही एक पूर्व कार्यकर्ता को सरेआम धमकाने के इस मामले ने प्रदेश में AIMIM पार्टी की कार्यशैली पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। हालांकि, एफआईआर दर्ज होने के बाद से AIMIM पार्टी या उससे जुड़े किसी भी बड़े नेता की तरफ से इस पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

