हेमंत शर्मा, इंदौर। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए इंदौर में 7, 8 और 9 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। कलेक्टर ने वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए अपील की है।
तीन दिन हर मतदान केंद्र पर लगेगा शिविर
कलेक्टर शिवम वर्मा ने पात्र मतदाताओं से अपील की है कि जिन लोगों का नाम मतदाता सूची में नहीं है, वे इन शिविरों में पहुंचकर अपना नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी करें। शिविर में पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए आवेदन फार्म-6 लिया जाएगा।
फार्म-6 के साथ घोषणा पत्र की जरूरत नहीं
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6 के साथ अलग से घोषणा पत्र नहीं लिया जाएगा। ऐसे में पात्र मतदाता निर्धारित तारीखों में अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
नाम नहीं जुड़ा तो वोट का अधिकार कैसे मिलेगा?
मतदाता सूची में नाम होना मतदान के अधिकार के लिए जरूरी है। इसलिए पात्र नागरिक इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं और समय रहते अपना नाम सूची में शामिल करवाएं। कलेक्टर की अपील साफ है- अगर आपकी उम्र मतदान के योग्य है और अभी तक मतदाता सूची में नाम नहीं जुड़ा है, तो 7 से 9 अक्टूबर तक मतदान केंद्र पहुंचिए और नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी कीजिए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

