हेमंत शर्मा, इंदौर। देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में ट्रैफिक पुलिस का सख्ती मोड ऑन है लेकिन कुछ नियम तोड़ने वाले ऐसे शूरवीर भी हैं जो पुलिस के सामने ही अपने ही अंदाज में नियम तोड़ते हैं। ताजा मामला हुकुमचंद घंटाघर चौराहे का है, जहां एक युवक को पुलिस को देखकर भागना और लगातार मोबाइल पर बतियाना भारी पड़ गया।
पुलिस देखती रही, भाई साहब बतियाते रहे!
घंटाघर चौराहे पर जब ट्रैफिक पुलिस चेकिंग कर रही थी, तभी बाइक चलाते हुए कान पर फोन लगाए एक महाशय आते दिखे। पुलिस ने जब उन्हें रोकने का इशारा किया, तो उन्होंने अपनी ‘डिजिटल समझदारी’ दिखाते हुए गाड़ी भगाने की कोशिश की। हद तो तब हो गई जब पुलिस के रोकने और पकड़ने के बाद भी साहब का कॉल कट नहीं हुआ और वे लगातार फोन पर बात करते रहे।
एक गलती पड़ गई भारी, कटा 4500 रुपये का चालान
पुलिस ने जब युवक के कागजात और हरकतों का हिसाब-किताब किया, तो चालान की पर्ची इतनी लंबी बनी कि महाशय के पसीने छूट गए। युवक पर पूरे 4,500 रुपये का जुर्माना ठोका गया और उसकी गाड़ी भी मौके पर ही जब्त कर ली गई:
- बिना लाइसेंस गाड़ी चलाना: 1,000 रुपये जुर्माना
- ड्राइविंग के दौरान मोबाइल पर बात: 1,000 रुपये जुर्माना
- गाड़ी का इंश्योरेंस न होना: 1,000 रुपये जुर्माना
- पुलिस के आदेश की अवहेलना: 500 रुपये जुर्माना
- अन्य लापरवाही: 1,000 रुपये अतिरिक्त जुर्माना
ड्रोन रखेगा चप्पे-चप्पे पर नजर
इंदौर ट्रैफिक पुलिस अब ऐसे ‘उस्तादों’ को सबक सिखाने के लिए तकनीक का सहारा ले रही है। शहर के चौराहों पर अब ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जा रही है। रॉन्ग साइड गाड़ी चलाने वालों और लेफ्ट टर्न ब्लॉक करने वालों पर आसमान से सीधी नजर रहेगी। नियम तोड़ते ही ड्रोन मौके पर ही आपकी फोटो खींचेगा और चालान सीधा आपके घर पहुंच जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



