कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर जिला कांग्रेस कमेटी में लंबे इंतजार के बाद जैसे ही नई कार्यकारिणी की सूची जारी हुई, वैसे ही पार्टी के भीतर अंतर्कलह और असंतोष खुलकर सामने आ गया है। सूची सार्वजनिक होने के कुछ ही घंटों के भीतर इस्तीफों का दौर शुरू हो गया है। कांग्रेस के दो नवनियुक्त पदाधिकारियों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपने पदों से त्यागपत्र दे दिया है, जिससे राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
47वें नंबर पर नाम आने से नाराज लतीफ खान का इस्तीफा
कार्यकारिणी सूची में 47वें स्थान पर रखे गए नेता लतीफ खान को जिला कांग्रेस कमेटी में सचिव मनोनीत किया गया था। पद और सूची में अपनी क्रमानुगत स्थिति (सीनियरिटी) से नाराज लतीफ ने सोशल मीडिया पर अपना इस्तीफा सार्वजनिक कर दिया। लतीफ ने पोस्ट में स्वाभिमान की बात उठाते हुए लिखा- शहर जिला कांग्रेस कमेटी में स्वाभिमान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। मैं नवनियुक्त सचिव पद से अपना इस्तीफा देता हूं। इसके साथ ही PCC चीफ जीतू पटवारी को बहुत-बहुत धन्यवाद। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि वे अपना इस्तीफा औपचारिक रूप से PCC को भेज रहे हैं।
महासचिव बनाए गए प्रतीक जैन ने भी छोड़ा पद
लतीफ खान के बाद कार्यकारिणी में महासचिव बनाए गए प्रतीक जैन ने भी अपने पद से इस्तीफा देकर कांग्रेस नेतृत्व को चौंका दिया। सूची में प्रतीक जैन को 26वें नंबर पर महासचिव घोषित किया गया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी निष्ठा का हवाला देते हुए लिखा- प्रदेश कांग्रेस द्वारा आज ग्वालियर जिला कार्यकारिणी घोषित की गई है, जिसमें मुझे महासचिव के पद पर नियुक्त किया गया। इसके लिए मैं वरिष्ठ नेतृत्व का आभार व्यक्त करता हूं। मैं कांग्रेस पार्टी का एक निष्ठावान कार्यकर्ता हूं और पार्टी की सेवा के लिए मुझे किसी पद की लालसा नहीं है। अतः मैं अपने इस पद से इस्तीफा देता हूं।
जीतू पटवारी की नई टीम को लगा शुरुआती झटका
पार्टी सूत्रों की मानें तो लंबे समय से ग्वालियर जिला कार्यकारिणी का इंतजार किया जा रहा था, ताकि संगठन को धरातल पर मजबूत किया जा सके। लेकिन सूची जारी होते ही जिस तरह वरिष्ठता सूची (सीनियरिटी) और पदों के वितरण को लेकर असंतोष उभरा है, उसने पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी की रणनीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आगामी दिनों में कुछ और नेता भी सूची को लेकर नाराजगी जाहिर कर सकते हैं। फिलहाल, दो इस्तीफे के बाद जिला संगठन बैकफुट पर नजर आ रहा है।
‘खबर हटकर’: MP में बढ़ा महिलाओं का ‘मदिरा प्रेम’, शराब पीने में राष्ट्रीय औसत से आगे निकलीं प्रदेश

कांग्रेस में फिर ‘वॉकआउट’ का खेल! पहले कमलनाथ ने बनाई दूरी, अब दिग्विजय ने फेरा मुंह; PAC की बैठक

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

