शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस में अंदरूनी कलह और बयानबाजी का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ‘वीर भारत न्यास’ मामले को लेकर प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बीच शुरू हुआ विवाद अब और गहरा गया है। अब इस विवाद में दोनों नेताओं के समर्थक भी खुलकर आमने-सामने आ गए हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता मनोज सेन ने सोशल मीडिया पर एक विवादित पोस्ट लिखकर सीधे दिग्विजय सिंह पर बड़ा हमला बोला है।
दिग्विजय सिंह पर ‘बीजेपी एजेंट’ होने का आरोप
पूर्व कांग्रेस प्रवक्ता मनोज सेन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक बेहद तीखी पोस्ट साझा की है। इस पोस्ट में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की निष्ठा पर सवाल उठाते हुए उन्हें सीधे तौर पर ‘बीजेपी का एजेंट’ तक करार दे दिया है।
बेटे जयवर्धन के लिए ‘बीजेपी से सेटिंग’ का दावा
मनोज सेन ने अपनी पोस्ट में एक बड़ा और गंभीर आरोप लगाते हुए लिखा कि दिग्विजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ अंदरूनी ‘सेटिंग’ यानी साठगांठ की थी। आरोप के मुताबिक, इस सेटिंग के तहत दिग्विजय सिंह ने अपने बेटे जयवर्धन सिंह के चुनावी क्षेत्र में उनके सामने जानबूझकर एक कमजोर उम्मीदवार को मैदान में उतरवाया था, ताकि उनके बेटे की जीत आसानी से सुनिश्चित हो सके।
राजनीतिक गलियारों में हलचल
जीतू पटवारी और दिग्विजय सिंह के बाद अब समर्थकों के इस तरह खुलकर मैदान में उतरने से मध्य प्रदेश कांग्रेस की गुटबाजी एक बार फिर उजागर हो गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सोशल मीडिया पर पार्टी के ही वरिष्ठ नेता के खिलाफ इस तरह की बयानबाजी से आने वाले दिनों में कांग्रेस के भीतर का यह घमासान और ज्यादा बढ़ सकता है।
पूर्व मंत्री पीसी शर्मा का पलटवार
मामले को लेकर कांग्रेस के पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा- बीजेपी ध्यान भटकने के लिए सब बातें कर रही है। जीतू पटवारी का स्टेटमेंट आया है, जिसमें उन्होंने जो बात कही है उस पर स्टैंड कर रहे हैं। राम मंदिर के मुद्दे से बीजेपी ध्यान भटकाकर इधर-उधर की बात कर रही है।
बीजेपी के लोग लगवा रहे कमलनाथ का पोस्टर
कमलनाथ के लापता विधायक के लगे पोस्टर पर पीसी शर्मा ने कहा- बीजेपी के लोग कमलनाथ का पोस्टर लगवा रहे हैं।कमलनाथ का स्वास्थ्य खराब है, इसलिए बाहर है। सरकार खरीद फरोख्त नहीं करते 5 साल सरकार रह जाती तो छिंदवाड़ा मॉडल पर कमलनाथ मध्यप्रदेश का विकास करते। भोपाल हो या इंदौर दुनिया के हर कोने में छिंदवाड़ा से फ्लाइट जाती, वहां उद्योगपति आते। भाजपा के लोग पोस्टर लगवा रहे इनको शर्म आना चाहिए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

