समीर शेख, बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के ठीकरी थाना क्षेत्र में कथित प्रेम प्रसंग के आरोप में एक महिला और एक पुरुष को हाथ बांधकर पूरे गांव में घुमाया गया। यह घटना ठीकरी थाना क्षेत्र के ग्राम बरुफाटक की है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की और सोमवार शाम को महिला की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
READ MORE: दर्शन कर लौट रहे परिवार को अनियंत्रित ट्रक ने रौंदा, हादसे में 11 साल के मासूम की मौत, माता-पिता गंभीर
पुलिस के अनुसार, महिला और पुरुष को कथित प्रेम प्रसंग के आरोप में महिला के पति, देवर और कुछ अन्य लोगों ने हाथ बांधकर गांव में घुमाया। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को सुरक्षित थाने लेकर आई।
READ MORE: पीएम आवास का पैसा डकार गए अफसर! बड़वानी में फर्जी निकासी पर भड़के ग्रामीण, CEO को घेरा
पूछताछ के दौरान महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी करीब 15 साल पहले हुई थी। उसने आरोप लगाया कि उसका पति अक्सर शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता है और उसे प्रताड़ित करता है। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। एसडीओपी महेश सुनय्या ने बताया कि फिलहाल सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है। महिला के न्यायालय में बयान दर्ज होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


