सोनीपत। इनर व्हील क्लब स्वर्ण सोनीपत द्वारा सामाजिक सेवा की मिसाल पेश करते हुए जरूरतमंदों को साइकिल, सिलाई मशीन और विद्यार्थियों को फीस सहायता प्रदान की गई। यह पहल न केवल शिक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देती है, बल्कि समाज में सहयोग और मानवता की भावना को भी मजबूत करती है।
इस अवसर पर क्लब की जिला चेयरमैन दीपिका बाली ने जानकारी देते हुए बताया कि क्लब की ओर से चार बच्चों को साइकिलें, दो महिलाओं को सिलाई मशीनें तथा कुछ विद्यार्थियों को उनकी पढ़ाई जारी रखने के लिए फीस सहायता प्रदान की गई है।
दीपिका बाली ने कहा कि भले ही यह सहायता देखने में छोटी प्रतीत हो, लेकिन जिन बच्चों को साइकिलें मिली हैं उनके लिए यह किसी बड़े उपहार से कम नहीं है। अब वे आसानी से अपने स्कूल या अन्य आवश्यक स्थानों तक आ-जा सकेंगे, जिससे उनकी शिक्षा में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी। वहीं, जिन महिलाओं को सिलाई मशीनें प्रदान की गई हैं, वे अब अपने रोजगार को बेहतर तरीके से चला सकेंगी और आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि वे भगवान की आभारी हैं कि उन्हें समाज सेवा का अवसर मिलता है और वे जरूरतमंद लोगों की मदद कर पा रही हैं। उन्होंने बताया कि क्लब की सभी सदस्याएं अपने व्यक्तिगत सहयोग से इस प्रकार के सेवा कार्य करती हैं। साथ ही उन्होंने समाज के अन्य लोगों से भी अपील की कि वे अपने जीवन में ऐसे कार्य अवश्य करें, जिससे किसी जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान लाई जा सके।
क्लब की वाइस प्रेसिडेंट ऊषा भंडारी ने बताया कि जिला चेयरमैन दीपिका बाली के सोनीपत आगमन पर यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि क्लब समय-समय पर शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य करता रहा है और भविष्य में भी इसी प्रकार की गतिविधियां जारी रहेंगी।
वहीं, क्लब की जिला प्रधान विभा कुमार ने बताया कि इनर व्हील क्लब स्वर्ण हमेशा जरूरतमंद लोगों की पहचान कर उनकी आवश्यकताओं के अनुसार सहायता प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि क्लब में नई ऊर्जा और समर्पण की भावना के साथ कार्य किया जा रहा है तथा नारी सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया जाता है।

