शिखिल ब्यौहार, भोपाल। इसमें दोमत नहीं कि युवाओं की पहली पसंद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इंस्टाग्राम है। रही बात राजनीति की तो मध्यप्रदेश में सियासत अब जमीन से ज्यादा इंस्टाग्राम पर लड़ी जा रही है। सभी दल जेन जी यानी युवाओं को रिझाने के लिए रील, स्टोरी और मीम का सहारा ले रहे हैं। इस रेस में मध्यप्रदेश का ट्रेंड चौंकाने वाला है, जहां सत्ता में होने के बावजूद बीजेपी का ऑफिशियल हैंडल कांग्रेस से पीछे दिखाई दे रहा है।

इंस्टाग्राम के आंकड़ों पर गौर करें तो MP कांग्रेस का ऑफिशियल हैंडल @incmp 1.1 मिलियन यानी 11 लाख फॉलोअर्स के साथ आगे है, जबकि सत्ताधारी बीजेपी का ऑफिशियल हैंडल @bjp4mp 676K यानी 6.76 लाख फॉलोअर्स पर ठहरा हुआ है। यानी कांग्रेस बीजेपी से करीब 4.24 लाख फॉलोअर्स आगे है।

पोस्ट की संख्या में भी कांग्रेस आगे है। incmp पर 24.3K पोस्ट हैं, तो bjp4mp पर 22.4K पोस्ट हैं। बीते तीन महीनों की बात करें तो राष्ट्रीय राजनीति में वोट चोरी, एसआईआर जैसे मुद्दों पर राहुल गांधी के आक्रामक कैंपेन और मध्यप्रदेश में उनकी सक्रियता का असर सीधे तौर पर कांग्रेस के सोशल हैंडल पर दिखा है।

युवाओं के बीच कांग्रेस की रील्स में विरोध प्रदर्शन, जन आक्रोश यात्राएं और सीधे सरकार पर हमले वाले कंटेंट ज्यादा वायरल हो रहे हैं, वहीं बीजेपी के पेज पर अभी भी पारंपरिक कार्यक्रम, सेवा यात्रा और प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों का कंटेंट ज्यादा है।

जानकारों का मानना है कि इंस्टाग्राम अब सिर्फ फोटो शेयरिंग ऐप नहीं, बल्कि युवाओं की राजनीतिक राय बनाने का सबसे बड़ा प्लेटफॉर्म बन गया है और इस मोर्चे पर फिलहाल MP में कांग्रेस ने बढ़त बना रही है। इसका बड़ा फैक्टर जेन जी, जेन अल्फ़ा के कारण है।

मामले पर कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता डॉ विक्रम चौधरी ने कहा कि सोशल मीडिया पर अब सच दिख रहा है। लोगों की दबी हुई आवाज रील और उनके मुद्दों के माध्यम से कांग्रेस लगातार उठा रही है। कांग्रेस का मानना है कि राहुल गांधी का आक्रामक रवैया और उनकी प्रदेश के प्रति सजकता भी लगातार कांग्रेस की विचारधारा से युवाओं समेत अन्य वर्गों को जोड़ रही है। 

पार्टी इस बात का भी दावा करती है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मजबूत होती हुई संगठन की पकड़ साल 2028 की चावन की कुंडली की भविष्यवाणी करती है। उधर, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय सिंह यादव ने कहां कि सोशल मीडिया पर कांग्रेस का सच नहीं बल्कि झूठ फैल रहा है। बीजेपी ने इस बात का भी दावा किया सशक्त राजनीति का उदाहरण सोशल मीडिया नहीं बल्कि एक प्रचार का माध्यम है। निश्चित तौर पर यह आंकड़े ऊपर नीचे होते रहते हैं। यादव का मानना है कि युवाओं का हाथ बीजेपी के साथ है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m