शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस में मुख्यमंत्री की दावेदारी को लेकर आपस में खींचतान शुरू हो गई है। मीडिया विभाग अध्यक्ष मुकेश नायक के बयान पर केदार सिरोही ने आपत्ति जताई है। कांग्रेस किसान प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष केदार सिरोही ने सोशल मीडिया पर लिखा कि बिना किसी संगठनात्मक प्रक्रिया या आधिकारिक फैसले के जीतू पटवारी को 2028 के लिए मुख्यमंत्री पद का दावेदार प्रोजेक्ट कर दिया गया। बिना किसी विधायक दल की बैठक या शीर्ष नेतृत्व के निर्देश के इस तरह की बयानबाजी करना पार्टी के आंतरिक लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं।
उन्होंने आगे लिखा कि जीतू पटवारी वर्तमान में हमारे प्रदेश अध्यक्ष हैं और संगठन के लिए मेहनत कर रहे हैं, इसमें कोई दो राय नहीं। जीतू पटवारी से केदार सिरोही ने मांग की है कि एक जिम्मेदार नेतृत्व का तकाजा ये भी है कि इस तरह के असंवैधानिक और समय से पहले उछाले गए बयानों का वे स्वयं आगे आकर खंडन करें। अगर इस प्रकार के बयानों पर चुप्पी साधी तो कार्यकर्ता इसे केवल एक प्रायोजित प्रचार लगेगा। व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं को पार्टी के संविधान और रीति-नीति से ऊपर रखने का यह तरीका पूरी तरह से गलत है। इस तरह के बयानों का विरोध होना चाहिए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

