० सेक्टर-2 स्थित ऑफिस पर साइबर पुलिस की बड़ी रेड, 4 मुख्य आरोपी गिरफ्तार

पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला में साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। सेक्टर-2 मार्केट स्थित एक कार्यालय में देर रात छापेमारी कर पुलिस ने 21 लोगों को हिरासत में लिया, जबकि रैकेट के चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सेक्टर-2 के एक कार्यालय से विदेशी नागरिकों, खासकर अमेरिका के लोगों को निशाना बनाकर ऑनलाइन ठगी की जा रही है। सूचना के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने सोमवार देर रात टीम के साथ कार्यालय में दबिश दी।


छापेमारी में कंप्यूटर और अन्य तकनीकी उपकरण हुए बरामद
छापेमारी के दौरान ऑफिस में बड़ी संख्या में युवक-युवतियां कंप्यूटर और अन्य तकनीकी उपकरणों के जरिए विदेशी नागरिकों से संपर्क करते पाए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को विभिन्न कंपनियों और तकनीकी सहायता एजेंसियों का प्रतिनिधि बताकर लोगों को झांसे में लेते थे और फिर उनसे मोटी रकम ऐंठते थे।


होगी फोरेंसिक जाँच
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कई कंप्यूटर, लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की फोरेंसिक जांच कर साइबर ठगी के नेटवर्क और उसके अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की पड़ताल की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर कई अन्य खुलासे होने की संभावना है। वहीं, इस बड़ी कार्रवाई के बाद साइबर अपराध से जुड़े अन्य नेटवर्क पर भी पुलिस की नजर बनी हुई है।