एंथ्रोपिक के CEO डारियो अमोदेई की पत्नी कैमी क्लार्क का नाम जेफरी एपस्टीन से जुड़े सार्वजनिक किए गए ईमेल्स के संदर्भ में सामने आया है। द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, क्लार्क ने अपनी कंपनी ‘एडिस’ (Edis) के लिए एपस्टीन से निवेश की संभावना पर बातचीत की थी। रिपोर्ट के अनुसार, क्लार्क ने एडिस को महिलाओं पर केंद्रित एक लक्ज़री और “क्रांतिकारी” पोर्न कंपनी के तौर पर पेश किया था।
जॉन ब्रॉकमेन ने कराई थी मुलाकात
ईमेल रिकॉर्ड के मुताबिक, साहित्यिक एजेंट जॉन ब्रॉकमेन ने मार्च 2011 में कैमी क्लार्क और जेफरी एपस्टीन की मुलाकात कराई थी। इसके बाद दोनों के बीच कारोबारी बातचीत हुई। क्लार्क ने एपस्टीन को कंपनी की योजनाओं और शुरुआती प्रोजेक्ट्स से जुड़ी जानकारी भी भेजी।
क्लार्क ने एक ईमेल में अपनी पहली चार फिल्मों की स्क्रिप्ट और ट्रीटमेंट साझा करते हुए लिखा कि इनमें वयस्कों के लिए NSFW कंटेंट था। इनमें ‘American Girl in Paris’ का भी उल्लेख था।
एपस्टीन से मांगी थी निवेश की संभावना
रिपोर्ट के अनुसार, 2012 में क्लार्क ने एपस्टीन से पूछा था कि क्या वह उनके और उनकी बिजनेस पार्टनर मिशेल कैपोसेफालो के वेंचर में निवेश करने में रुचि रखते हैं। हालांकि, उपलब्ध ईमेल्स में ऐसा कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिलता कि एपस्टीन ने एडिस को फंडिंग दी थी। एक अन्य ईमेल में एपस्टीन ने टीवी पर सेक्स दिखाए जाने को लेकर टिप्पणी की थी। क्लार्क ने बाद में उन्हें अपनी हाउसवार्मिंग पार्टी में भी आमंत्रित किया था।
कैमी क्लार्क कौन हैं?
कैमी क्लार्क सार्वजनिक जीवन से काफी दूर रही हैं और उनके निजी जीवन के बारे में सीमित जानकारी उपलब्ध है। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने 2022 में एंथ्रोपिक CEO डारियो अमोदेई से शादी की।
अमोदेई के साथ रिश्ते से पहले क्लार्क का गूगल के सह-संस्थापक एरिक श्मिट के साथ करीब तीन साल तक संबंध रहा था। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि क्लार्क ने अमोदेई की मुलाकात श्मिट से कराई थी।
एंथ्रोपिक से क्या है संबंध?
क्लार्क एंथ्रोपिक में आधिकारिक पद पर नहीं हैं, लेकिन द वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक, वह अमोदेई की प्रभावशाली सलाहकार रही हैं। रिपोर्ट के अनुसार, 2021 में एंथ्रोपिक की शुरुआती स्थापना के दौर में श्मिट कंपनी के शुरुआती निवेशकों में शामिल थे।
गौरतलब है कि एपस्टीन के साथ क्लार्क की कारोबारी बातचीत 2008 में उनकी यौन अपराध संबंधी दोषसिद्धि और सेक्स अपराधी के रूप में पंजीकरण के बाद हुई थी। उपलब्ध ईमेल्स से निवेश की चर्चा तो सामने आती है, लेकिन एपस्टीन द्वारा एडिस को वास्तव में फंडिंग दिए जाने का कोई स्पष्ट प्रमाण नहीं मिलता।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


