संजय पाटीदार, भोपाल। राजधानी के प्रतिष्ठित मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MANIT) के हॉस्टल में शनिवार को हुए फूड पॉइजनिंग हादसे के बाद प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। खराब खाना खाने से करीब 40 छात्रों की तबीयत बिगड़ने के मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रविवार को हॉस्टल नंबर 10 की मेस में पहुंचकर औचक जांच की और मौके से विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 7 सैंपल जब्त किए हैं।

ये हैं जांच के मुख्य बिंदु?

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मेस की साफ-सफाई और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की। इस दौरान कई गंभीर प्रशासनिक और स्वास्थ्य संबंधी खामियां सामने आई हैं। सैंपलिंग की कार्रवाई: टीम ने कुल 7 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए हैं, जिनमें 3 विधिक (Legal) और 4 सर्विलांस सैंपल शामिल हैं। विधिक सैंपल: उड़द दाल, मूंगफली और सेवई। सर्विलांस सैंपल: चना, छोला, चावल और अरहर दाल। लापरवाहियां उजागर: शुरुआती निरीक्षण के दौरान मेस संचालक द्वारा खाद्य लाइसेंस, काम करने वाले कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस रिकॉर्ड और पेस्ट कंट्रोल से जुड़े आवश्यक दस्तावेज पेश नहीं किए जा सके।

लैब रिपोर्ट के बाद होगी कड़ी कार्रवाई

अधिकारियों ने बताया कि सभी जब्त नमूनों को परीक्षण के लिए सुरक्षित रूप से राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेज दिया गया है। लैब से जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSSAI) के तहत आगे की सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि शनिवार को हॉस्टल में रात्रि भोजन के उपरांत अचानक लगभग 40 छात्रों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी थी, जिसके बाद छात्रों में हड़कंप मच गया था। इस घटना ने कैंपस के भीतर छात्रों के स्वास्थ्य और मेस की हाइजीन व्यवस्था पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m