Odisha Desk, कटक: ओडिशा के कटक स्थित चौलियागंज थाने की महिला इंस्पेक्टर-इन-चार्ज (IIC) ब्यूटी महांती की कथित आत्महत्या के मामले में अब एक नया और चौंकाने वाला मोड़ आ गया है। पुलिस ने इस संवेदनशील मामले की जांच अब ‘ब्लैकमेलिंग एंगल’ से तेज कर दी है। कटक डीसीपी के निर्देश पर पुलिस टीम इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि क्या कोई उन्हें किसी कारण से परेशान कर रहा था या उनसे पैसों की मांग कर रहा था।

मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस मृतका के बैंक ट्रांजैक्शन, वित्तीय लेन-देन के इतिहास और मोबाइल के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) को बारीकी से खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उनके जीवन के अंतिम समय में कौन-कौन से लोग उनके संपर्क में थे। कॉल लिस्ट के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हित कर उनसे पूछताछ की जाएगी।

इस पूरे मामले पर कटक के पुलिस उपायुक्त ने बताया कि प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ चुकी है, जिससे यह साफ हो गया है कि ब्यूटी महांती की मौत दम घुटने के कारण हुई है। हालांकि, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अभी भी विसरा रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और इस पर मेडिकल विशेषज्ञों की राय भी ली जाएगी। मृतका के शरीर पर चोट के कोई अन्य निशान नहीं मिले हैं।

घटनास्थल से पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन बरामद किया था, जो फिलहाल लॉक है। फोन को अनलॉक करने और उसमें मौजूद डेटा को रिकवर करने के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि अगले 2 से 3 दिनों के भीतर मोबाइल से डिलीट किए गए चैट्स और अन्य डिजिटल सबूत मिल जाएंगे, जो आत्महत्या की असली वजह का खुलासा कर सकते हैं।

फिलहाल इस मामले में मृतका के परिजनों, थाने के स्टाफ और उनके परिचितों से लगातार पूछताछ की जा रही है, हालांकि अब तक किसी को भी हिरासत में नहीं लिया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m