रेणु अग्रवाल, धार। नई दिल्ली के भव्य भारत मंडपम में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में मध्य प्रदेश के धार जिले की ऐतिहासिक धरोहर ‘बाग प्रिंट’ ने वैश्विक मंच पर अपनी अमिट छाप छोड़ी है। सम्मेलन में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान की बेटी ज़हरा पेज़ेशकियान ने विशेष रूप से शिरकत की और भारतीय हस्तशिल्प कला की जमकर सराहना की।

प्राकृतिक रंगों और छपाई की बारीकियों में दिखाई रुचि

स्टॉल अवलोकन के दौरान ज़हरा पेज़ेशकियान ने राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता शिल्पकार मोहम्मद बिलाल खत्री और राज्य स्तरीय पुरस्कार विजेता मोहम्मद काज़िम खत्री से बाग प्रिंट की बारीकियों को समझा। उन्होंने उत्सुकता के साथ पूछा कि “बाग प्रिंट में प्राकृतिक काला रंग कैसे तैयार किया जाता है?” इसके साथ ही उन्होंने खुद लकड़ी के पारंपरिक ब्लॉक को रंग में डुबोकर कपड़े पर छपाई का प्रत्यक्ष अनुभव लिया।

अंगवस्त्रम भेंट कर किया गया स्वागत

ज़हरा पेज़ेशकियान के कला-प्रेमी रवैये से अभिभूत होकर शिल्पकार मोहम्मद बिलाल खत्री ने उन्हें पारंपरिक बाग प्रिंट से निर्मित भव्य अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया।

विदेशी प्रतिनिधियों ने खुद बनाए ‘BRICS’ लोगो के प्रिंट

‘ब्रिक्स’ में ब्राज़ील, रूस, चीन, दक्षिण अफ़्रीका, ईरान, मलेशिया और इंडोनेशिया सहित कई देशों के प्रतिनिधियों ने खत्री बंधुओं के स्टॉल का दौरा किया। प्रतिनिधियों ने विशेष रूप से तैयार किए गए ‘BRICS’ लोगो वाले लकड़ी के ब्लॉक्स से खुद कपड़े पर ठप्पे लगाए और इसे यादगार के रूप में अपने साथ ले गए।

वैश्विक मंच पर पहचान मिलना गर्व की बात: बिलाल खत्री

इस उपलब्धि पर राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता मोहम्मद बिलाल खत्री ने कहा कि 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन जैसे प्रतिष्ठित वैश्विक मंच पर बाग प्रिंट का प्रदर्शन करना और दुनिया भर के प्रतिनिधियों को अपनी माटी की कला से जोड़ना बेहद सम्मान की बात है। जब वैश्विक हस्तियों ने खुद छपाई करके इसकी सराहना की, तो लगा कि हमारी पीढ़ियों की मेहनत सफल हो गई।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m