महर्षि वाल्मीकि अनुसूचित जनजाति विकास निगम के फंड में लूट के गंभीर आरोपों से घिरे कांग्रेस सरकार में मंत्री बी नागेंद्र की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. विपक्ष लगातार उनके इस्तीफे की मांग को लेकर अड़ा हुआ है. इस बीच विपक्षी दल बीजेपी और जेडीएस ने विधानसभा का घेराव करने की कोशिश की. हालांकि अनुमति न होने के चलते कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक, सीटी रवि, BJP प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजएन्द्रा सहित तमाम बीजेपी और JDS नेताओं और समर्थकों को पुलिस ने प्रिवेंटिव कस्टडी में ले लिया.
बेंगलुरु में प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए जाने से पहले बीजेपी नेता सी.टी. रवि ने आरोप लगाया कि बी. नागेंद्र पर महर्षि वाल्मीकि अनुसूचित जनजाति विकास निगम के फंड में लूट के गंभीर आरोप हैं और उन्हें पहले भी इस मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है.
विपक्ष अपनी मांग पर अड़ा
विपक्षी दल कैबिनेट से योजना और सांख्यिकी मंत्री बी. नागेंद्र को हटाने की मांग को लेकर विधानसभा की कार्यवाही नहीं चलने दे रहे हैं. आर. अशोक ने आरोप लगाया कि 89 करोड़ रुपये के ‘कर्नाटक महर्षि वाल्मीकि अनुसूचित जनजाति विकास निगम’ घोटाले में कथित तौर पर शामिल होने के कारण नागेंद्र को पद से हटाया जाना चाहिए. बीजेपी कार्यकर्ता पिछले एक हफ्ते से इस मामले को लेकर विरोध विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, आज बीजेपी ने फ्रीडम पार्क से मार्च निकाला और विधान सौधा का घेराव करने की कोशिश की.
क्या है वाल्मीकि निगम घोटाला?
ये मामला मई-जून 2024 में तब सामने आया था, जब निगम के अकाउंट सुपरिटेंडेंट पी. चंद्रशेखरन ने आत्महत्या कर ली थी. उन्होंने एक सुसाइड नोट छोड़ा था जिसमें निगम में बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ियों के आरोप लगाए गए थे. जांच के दौरान यह पाया गया कि यूनियन बैंक में स्थित निगम के खाते से लगभग 89 करोड़ अवैध रूप से विभिन्न खातों में ट्रांसफर किए गए थे. बाद में कुल मिलाकर लगभग 187 करोड़ के फंड में हेरफेर की बात सामने आई.
उस समय अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री रहे बी. नागेंद्र ने केंद्रीय एजेंसियों की जांच और बढ़ते विवाद के बाद 6 जून 2024 को सिद्धारमैया कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया था. इसके बाद 3 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के कैबिनेट विस्तार के दौरान उन्हें योजना और सांख्यिकी पोर्टफोलियो देकर फिर से कैबिनेट में शामिल कर लिया गया.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

