इसराना। हरियाणा के इसराना में ग्राम पंचायत की ओर से मुख्य रास्ते पर किए गए अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। एसडीएम (SDM) के आदेश पर प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी (JCB) की मदद से दुकानों के सामने बने अवैध थड़ों को हटा दिया।
यह कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं पंचायती राज विभाग के एसडीओ सुशील कुमार रोहिल्ला, इसराना के सरपंच राजेश कुमार जागलान, पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक कर्मचारियों की मौजूदगी में हुई।
ग्रामीणों ने की पूरे रास्ते की निशानदेही कराने की मांग
प्रशासनिक टीम के मौके पर पहुंचने पर कुछ ग्रामीणों ने पूरे रास्ते की दोबारा निशानदेही कराने की मांग रखी। ग्रामीणों का कहना था कि गांव में प्रवेश करने वाले मुख्य मार्ग के शुरुआती बिंदु से पूरी जमीन की पैमाइश की जाए। इसके बाद यह तय किया जाए कि रास्ते की कुल जमीन कितनी है और फिर नियम के अनुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए।
शिकायत के बाद एक्शन में आया प्रशासन
ड्यूटी मजिस्ट्रेट सुशील कुमार रोहिल्ला ने बताया कि इसराना के मुख्य रास्ते पर दुकानों के सामने अवैध थड़े बनाए जाने की शिकायत प्रशासन को प्राप्त हुई थी। एसडीएम के आदेश पर शिकायत के आधार पर ही यह कार्रवाई की गई है। प्रशासनिक टीम ने जेसीबी की मदद से रास्ते में किए गए अवैध निर्माणों को हटाकर रास्ता साफ कराया।
सार्वजनिक स्थान पर सिगरेट पीते दिखे ड्यूटी मजिस्ट्रेट
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान एक नया विवाद सामने आया, जब ड्यूटी मजिस्ट्रेट सुशील कुमार रोहिल्ला सार्वजनिक स्थान पर सिगरेट पीते नजर आए। प्रशासनिक कार्रवाई के बीच अधिकारी का सार्वजनिक स्थल पर धूम्रपान करना मौके पर मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। इस दौरान मौके पर पुलिसकर्मी और अन्य कर्मचारी भी तैनात थे।
अधिकारी बोले- मुझे ध्यान नहीं रहा
सार्वजनिक जगह पर धूम्रपान को लेकर उठे सवालों पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट सुशील कुमार रोहिल्ला ने अपनी सफाई दी। उन्होंने कहा कि उन्हें ध्यान नहीं है कि उन्होंने सिगरेट लगाई थी या नहीं लगाई थी। जब मौके पर कार्रवाई चल रही थी, तब वे एक तरफ खड़े हुए थे और उन्हें यह ध्यान नहीं रहा कि उन्होंने कब सिगरेट पी और किसने उनका वीडियो बना लिया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



