भुवनेश्वर : वैतरणी नदी के निचले इलाकों में बार-बार आ रही बाढ़ और जलभराव की स्थिति को लेकर ओडिशा सरकार का जल संसाधन विभाग अब सख्त रुख अपना रहा है। विभाग ने निजी जल विद्युत परियोजना संचालित करने वाली कंपनी बैतरणी पावर प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड (BPPL) को बैराज के फाटकों के मनमाने संचालन और नियमों के उल्लंघन के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता ई. दिलीप कुमार राउत द्वारा जारी इस नोटिस में कंपनी पर बेहद गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि आनंदपुर बैराज पर स्थित अपने बैतरणी स्मॉल हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट से बिजली उत्पादन के लिए कंपनी चरम बाढ़ और अचानक आई बाढ़ के समय बैराज के फाटकों का अनियंत्रित और गैर-जिम्मेदाराना संचालन कर रही है।

प्रारंभिक जांच और शिकायतों के अनुसार, कंपनी द्वारा बिना उचित समन्वय और बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक बैराज के गेट खोल दिए जाते हैं। इसके कारण वैतरणी नदी के निचले तटीय क्षेत्रों में अचानक जलस्तर बढ़ जाता है और अनियंत्रित बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो जाती है। इसका सीधा असर तटीय गांवों, कृषि भूमि और आम जनता के जनजीवन पर पड़ रहा है।
जल संसाधन विभाग ने BPPL को अपनी स्थिति स्पष्ट करने का निर्देश दिया है। कंपनी से पूछा गया है कि बैराज गेट्स के संचालन में सुरक्षा नियमों और स्वीकृत मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का उल्लंघन क्यों किया गया? किन परिस्थितियों में और किस आधार पर बाढ़ के दौरान मनमाने ढंग से पानी छोड़ा गया?
इसके साथ ही विभाग ने कंपनी को निर्देश दिया है कि भविष्य में किसी भी बड़ी बाढ़ की आशंका से पहले बैराज से पानी की निकासी का प्रबंधन इस तरह करें, जिससे निचले इलाकों में अचानक जलस्तर न बढ़े। साथ ही किसी भी परिस्थिति में बैराज गेट खोलने से पहले परियोजना अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन के साथ पूर्ण समन्वय स्थापित करना अनिवार्य किया गया है।
राज्य के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री द्वारा भी इस पूरे मामले की जांच के आदेश दिए जाने के बाद प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है। आनंदपुर बैराज परियोजना के मुख्य निर्माण अभियंता को भी इस संबंध में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। अब सभी की नजरें BPPL द्वारा दिए जाने वाले जवाब और सरकार द्वारा की जाने वाली अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

