शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। दुबई की एक आईटी कंपनी में कार्यरत 36 वर्षीय युवा आईटी प्रोफेशनल की एक सड़क हादसे में मौत हो गई है। मृतक युवक करीब एक सप्ताह पहले ही दुबई से भोपाल अपने घर लौटा था। हादसा कोलार सिक्स लेन रोड पर हुआ, जहां बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। इस अचानक हुई दुर्घटना से मृतक के परिवार और दोस्तों में कोहराम मच गया है।
दोस्तों के साथ कोलार डैम जा रहे थे कासिब
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 36 वर्षीय कासिब अहमद दुबई की एक आईटी कंपनी में नौकरी करते थे और छुट्टियों पर एक सप्ताह पहले ही भोपाल आए थे।शुक्रवार/शनिवार को कासिब अपने दोस्तों के साथ बाइक पर सवार होकर कोलार डैम घूमने के लिए जा रहे थे। जब वे कोलार सिक्स लेन रोड पर गोल जोड़ के पास पहुँचे, तो सड़क पर बिखरी हुई गिट्टी के कारण अचानक उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया। संतुलन बिगड़ने से बाइक सीधे फुटपाथ पर चढ़ गई और वहाँ बनी चाय की टपरी को तोड़ते हुए एक पेड़ से जोरदार तरीके से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में कासिब गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे के तुरंत बाद उनके साथ मौजूद दोस्तों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें अपनी कार से नजदीकी अस्पताल पहुँचाया। डॉक्टर ने उनकी जान बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटें आने के कारण इलाज के दौरान कासिब अहमद ने दम तोड़ दिया। इस दुखद घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुँची। कजलीखेड़ा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पूरे मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है। युवा आईटी प्रोफेशनल की इस तरह अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

