गुरुग्राम। इंस्टाग्राम पर दोस्ती, शादी का झांसा और AI वीडियो बनाने के काम का लालच देकर इटली की एक महिला से 900 यूरो यानी करीब 98 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। साइबर क्राइम थाना पश्चिम पुलिस ने आरोपी अखिल मौर्या को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से ठगी में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद किया है। महिला 28 सितंबर को इटली से गुरुग्राम पहुंची और पुलिस को शिकायत दी थी।
Instagram पर हुई थी पहचान
पुलिस के अनुसार, इटली मूल की महिला की पहचान गुरुग्राम निवासी अखिल मौर्या से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। आरोपी ने खुद को AI फिल्म क्रिएटर बताया। दोनों के बीच बातचीत के बाद आरोपी ने महिला से शादी का झांसा दिया। इसके बाद AI वीडियो बनाने के काम के लिए रुपये मांगे।

महिला ने 4 अगस्त को 450 यूरो और 10 सितंबर को 450 यूरो Western Union के जरिए भेजे। इस तरह आरोपी को कुल 900 यूरो मिले। भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 98 हजार रुपये बताई गई है।
इटली से गुरुग्राम पहुंची महिला
महिला 28 सितंबर को इटली से गुरुग्राम पहुंची। उसने एसीपी साइबर क्राइम गौरव फोगाट से मुलाकात की और लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना पश्चिम में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने जांच के बाद 1 अक्टूबर को आरोपी अखिल को सेक्टर-17 से गिरफ्तार किया। उसकी उम्र 36 साल है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ का रहने वाला है और वर्तमान में गुरुग्राम के सुखराली में रह रहा था।
नौकरी छूटने के बाद महिला से किया संपर्क
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले एक निजी कंपनी में टेक्निकल सपोर्ट का काम करता था। जुलाई 2025 में उसकी नौकरी छूट गई थी। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद उसने रुपयों के लालच में महिला से संपर्क किया और रकम मंगवाई।
पुलिस के अनुसार, Western Union के जरिए भेजी गई रकम को आरोपी ने गुरुग्राम में Muthoot Finance के माध्यम से अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कराया। बैंक चार्ज कटने के बाद उसके खाते में 67,297 रुपये पहुंचे।
पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद किया है। इटली से गुरुग्राम पहुंची महिला ने पुलिस की कार्रवाई और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

