उत्तर प्रदेश के राजकीय आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थानों में अनुदेशकों के 40 रिक्त पद जल्द भरे जाएंगे. असीम अरुण ने भर्ती प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए हैं और प्रक्रिया पूरी होने तक योग्य व्यक्तियों से काम लेने की बात कही है.
सतीश सिंह, लखनऊ. प्रदेश के राजकीय आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थानों में रिक्त चल रहे अनुदेशकों के पदों को जल्द भरा जाएगा. साथ ही भर्ती प्रक्रिया पूरी होने तक सेवानिवृत्त शिक्षकों समेत अन्य योग्य व्यक्तियों से इन पदों पर काम लिया जाएगा.
वर्तमान में राजकीय गोविंद बल्लभ पंत पॉलिटेक्निक, मोहन रोड, लखनऊ में अनुदेशकों के सात पद रिक्त हैं. वहीं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), बख्शी का तालाब में 23, गोरखपुर के राजकीय आईटीआई/पॉलिटेक्निक में नौ और प्रतापगढ़ के राजकीय आईटीआई/पॉलिटेक्निक में एक पद खाली है. इस तरह इन संस्थानों में कुल 40 पद रिक्त हैं.
राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने बताया कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विभिन्न संस्थानों में खाली पड़े अनुदेशकों के पदों को भरने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए हैं.
असीम अरुण ने कहा कि अनुदेशकों की नियुक्ति से संस्थानों में शिक्षण व्यवस्था मजबूत होगी और विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों का बेहतर व्यावहारिक प्रशिक्षण मिल सकेगा. उन्होंने कहा कि योग्य अभ्यर्थियों के चयन के लिए भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरी की जाएगी.


