इंदर कुमार, जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में साइबर अपराधियों का जाल लगातार गहराता जा रहा है। अब साइबर ठगों ने युवाओं को अपना शिकार बनाने के लिए सोशल मीडिया पर ‘हसीनाओं’ की तस्वीरों का सहारा लेना शुरू कर दिया है। ताजा मामला गोरखपुर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां 19 वर्षीय एक ITI छात्र को इंस्टाग्राम पर अज्ञात लिंक भेजकर और युवतियों की फोटो दिखाकर 1 लाख 9 हजार रुपये की चपत लगा दी गई। पीड़ित छात्र की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: डबरा में 50 स्कूली बच्चों से भरी बस पर ताबड़तोड़ फायरिंग! चालक लहूलुहान, ग्वालियर रेफर
लड़की से बात कराने का दिया झांसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गोरखपुर थाना क्षेत्र निवासी 19 वर्षीय नयन कुमार के इंस्टाग्राम पर एक अज्ञात लिंक आया था। छात्र ने जैसे ही उस लिंक पर क्लिक किया, उसे कई युवतियों की तस्वीरें दिखाई गईं। इसके बाद अज्ञात शातिर ठगों ने छात्र को झांसे में लेते हुए तस्वीरों में दिख रही एक युवती से सीधी बातचीत और मुलाकात कराने का लालच दिया।
QR कोड भेजकर किस्तों में ऐंठ लिए 1.09 लाख रुपये
युवती से बात करने की चाहत में मासूम छात्र ठगों के बुने जाल में फंसता चला गया। आरोपियों ने सर्विस चार्ज, रजिस्ट्रेशन और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर अलग-अलग बार QR कोड भेजे। छात्र झांसे में आकर ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करता रहा। इस तरह शातिर अपराधियों ने छात्र से कुल 1 लाख 9 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। जब छात्र ने रकम वापस मांगी और युवती से बात कराने को कहा, तो आरोपियों ने बातचीत बंद कर दी।
ये भी पढ़ें: शराब के नशे में थार का खौफनाक हादसाः ब्रिज की रैलिंग तोड़कर 50 फीट नीचे गिरी गाड़ी
पीड़ित छात्र की शिकायत पर गोरखपुर पुलिस ने दर्ज किया मामला
अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास होते ही पीड़ित छात्र नयन कुमार गोरखपुर थाने पहुंचा और पुलिस को आपबीती बताई। पुलिस ने पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की साइबर सेल टीम अब उन QR कोड्स, बैंक खातों और इंस्टाग्राम अकाउंट की टेक्निकल जांच में जुट गई है ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



