कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर में साइबर जालसाजों ने ठगी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। शहर के गोरखपुर थाना क्षेत्र में सेनेटरी वेयर्स का व्यापार करने वाली एक प्रतिष्ठित फर्म को निशाना बनाते हुए जालसाजों ने फर्जी ईमेल के जरिए 27 लाख 5 हजार 690 रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली।

फर्जी ईमेल भेजकर दिया बैंक अकाउंट बदलने का झांसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित व्यापारी के पास जालसाजों ने एक फर्जी ईमेल भेजा। इस ईमेल में कंपनी का बैंक खाता बदलने का दावा किया गया और नए बैंक खाते में ही भुगतान करने का निर्देश दिया गया। ईमेल को सही और आधिकारिक मानकर व्यापारी ने बिना पुष्टि किए बताए गए बैंक खाते में 27 लाख रुपये से अधिक की भारी-भरकम राशि ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी।

जब तक अहसास हुआ, तब तक हो चुकी थी ठगी

रकम ट्रांसफर करने के कुछ समय बाद जब असली कंपनी से संपर्क हुआ, तब व्यापारी को अहसास हुआ कि वे किसी बड़े साइबर फ्रॉड का शिकार हो चुके हैं। जालसाजों ने फर्जी ईमेल आईडी बनाकर हुबहू असली जैसी दिखने वाली ईमेल से यह पूरा खेल रचा था।

पुलिस ने दर्ज की FIR, जांच शुरू

ठगी का शिकार होने के बाद पीड़ित व्यापारी ने तुरंत गोरखपुर थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की साइबर सेल टीम अब बैंक खातों और ईमेल आईडी के आईपी एड्रेस को ट्रैक कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m