इंदर कुमार, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर संभाग से रिश्तों और इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां गौरीघाट थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ उसकी ही सहेलियों और उनकी मां द्वारा बर्बरता और बदसलूकी की गई। आरोपियों ने न सिर्फ नाबालिग के साथ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि उसे सुनसान इलाके में ले जाकर उसके कपड़े तक उतार दिए। इस पूरी हैवानियत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया गया है। पीड़िता ने इस मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक (SP) से की है।

ये भी पढ़ें: इंदौर गैस पाइपलाइन ब्लास्ट मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन: ठेकेदार और बोरिंग मशीन चालक पर केस दर्ज , वॉटर हार्वेस्टिंग के लिए ड्रिलिंग के दौरान हुआ था विस्फोट 

घर से बुलाकर सुनसान इलाके में किया हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार इस पूरे विवाद की जड़ एक घरेलू घटनाक्रम से जुड़ी है। मारपीट करने वाली मुख्य आरोपी महिला की बेटी किसी बात पर पीड़िता के घर पर ही रुक गई थी। इसी बात से नाराज होकर महिला ने पूरी साजिश रची। महिला ने पीड़िता को बहला-फुसलाकर अपने घर से बाहर बुलवाया। जैसे ही नाबालिग बाहर आई, महिला और उसकी बेटियों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया।

बाल पकड़कर घसीटा, कपड़े फाड़कर बनाया वीडियो

आरोप है कि सहेलियों और उनकी मां ने मिलकर पहले तो नाबालिग को बेरहमी से पीटना शुरू किया। इसके बाद वे उसे घसीटते हुए एक सुनसान इलाके में ले गए। वहां सहेली की मां ने ही नाबालिग के कपड़े फाड़ दिए और उसकी इज्जत को तार-तार किया। इस दौरान अन्य सहेलियां नाबालिग के बाल पकड़कर उसे पीटती रहीं। हद तो तब हो गई जब इस पूरी वारदात का मोबाइल से वीडियो बनाया गया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जिससे पीड़िता गहरे मानसिक सदमे में है।

ये भी पढ़ें: ‘ट्रैक्टर शो’ या सियासी घमासान? 300 ट्रैक्टरों का हुड़दंग, नाबालिगों के हाथ में स्टेयरिंग और सड़कों पर मचा कोहराम

न्याय के लिए एसपी दफ्तर पहुंची पीड़िता

वीडियो वायरल होने और स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने के बाद पीड़ित लड़की अपने परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुंची। पीड़िता ने एसपी से मुलाकात कर अपनी आपबीती सुनाई और लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने आरोपी सहेलियों और उनकी मां के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने और वीडियो को सोशल मीडिया से हटवाने की मांग की है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गौरीघाट थाना पुलिस को जांच और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m