इंदर कुमार, जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर के गोहलपुर थाना क्षेत्र से शादी के नाम पर धोखाधड़ी और प्रताड़ना की एक गंभीर वारदात सामने आई है। दुबई में एक नामी आईटी कंपनी में सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत महिला के साथ उसके ही पति ने करीब 14 लाख रुपये के सोने-डायमंड के जेवर और नकदी हड़प ली। इतना ही नहीं, अब आरोपी पति महिला को अपने साथ रखने से इंकार करते हुए तलाक देने की धमकी दे रहा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: बिल्ली को बचाने गई 4 साल की मासूम को स्ट्रीट डॉग ने नोंचा; गंभीर हालत में सतना रेफर, PICU में भर्ती
फेसबुक पर हुई थी दोस्ती, 2020 से लिव-इन के बाद 2025 में की शादी
जानकारी के अनुसार, पीड़िता अशविंदर कौर दुबई में आईटी सॉफ्टवेयर कंपनी में सेल्स मैनेजर हैं। उनकी पहचान फेसबुक के माध्यम से जबलपुर के त्रिमूर्ति नगर निवासी सुनील ठाकुर से हुई थी। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदली और साल 2020 में दुबई में सुनील से मुलाकात के बाद दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। इसके बाद दोनों ने 23 फरवरी 2025 को जबलपुर के एक गुरुद्वारे में पूरे रीति-रिवाज के साथ सिख परंपरा से शादी कर ली थी।
14 लाख से ज्यादा के जेवर-कैश हड़पे, मांगने पर करने लगा विवाद
पीड़िता अशविंदर कौर ने पुलिस को बताया कि शादी के दौरान उन्होंने अपने पति सुनील ठाकुर को लगभग 9.32 लाख रुपये मूल्य के सोने और डायमंड के कीमती जेवर दिए थे, साथ ही 5 लाख रुपये नकद भी सौंपे थे। शादी के कुछ समय बाद ही आरोपी पति का व्यवहार बदल गया और उसने पीड़िता को अपने साथ रखने से साफ मना कर दिया। जब महिला ने अपने जेवर और नकदी वापस मांगी, तो आरोपी उसके साथ विवाद करने लगा और जबरन तलाक देने की धमकियां देने लगा।
ये भी पढ़ें: सिंगरौली में युवक को छुड़ाने पहुंची पुलिसकर्मी को बनाया बंधक, 15 पर डकैती-अपहरण की FIR, 3 गिरफ्तार
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, आरोपी पति की तलाश शुरू
पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए गोहलपुर पुलिस ने आरोपी पति सुनील ठाकुर के खिलाफ संबंधित धाराओं में आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



