अनमोल मिश्रा, सतना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के देवेंद्रनगर में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक स्ट्रीट डॉग ने 4 साल की मासूम बच्ची पर हमला कर उसके चेहरे को बुरी तरह नोंच लिया। बच्ची एक बिल्ली को डॉग के जबड़े से छुड़ाने की कोशिश कर रही थी, तभी उसने बिल्ली को छोड़कर मासूम को अपना शिकार बना लिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को इलाज के लिए सतना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ये भी पढ़ें: सिंगरौली में युवक को छुड़ाने पहुंची पुलिसकर्मी को बनाया बंधक, 15 पर डकैती-अपहरण की FIR, 3 गिरफ्तार

बिल्ली की जान बचाते वक्त हुआ हमला; बड़ी बहन ने पत्थर मारकर भगाया

जानकारी के अनुसार देवेंद्रनगर निवासी और वन विभाग में चौकीदार के पद पर पदस्थ राकेश रजक की 4 वर्षीय पुत्री रुहानिका ने देखा कि एक स्ट्रीट डॉग बिल्ली को अपने मुंह में दबाए हुए है। मासूमियत में रुहानिका बिल्ली की जान बचाने के लिए डॉग के पास पहुंच गई और उसे छुड़ाने लगी। इसी दौरान डॉग ने पलटकर बच्ची पर हमला कर दिया। पास में मौजूद बच्ची की बड़ी बहन ने हिम्मत दिखाते हुए कुत्ते पर पत्थर बरसाए, जिसके बाद कुत्ता पीछे हटा। बच्ची की रोने की आवाज सुनकर पहुंचे परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

चेहरे पर गहरे घाव, प्लास्टिक सर्जरी की पड़ेगी जरूरत

स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे सतना रेफर कर दिया। सतना के निजी अस्पताल में रुहानिका को पीआईसीयू (PICU) में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, बच्ची के चेहरे पर काफी गहरे घाव आए हैं। घावों को भरने में समय लगेगा और रिकवरी के लिए आगे प्लास्टिक सर्जरी की भी जरूरत पड़ सकती है।

ये भी पढ़ें: मौतों पर उलझा प्रशासन! प्रहलाद पटेल ने गिनाए 19 नाम, दिग्विजय सिंह का आरोप- ‘मंत्री के समर्थकों ने बांटी जहरीली शराब’

इलाके में आक्रोश और चिंता का माहौल

इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से क्षेत्र में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी और दहशत का माहौल है। रहवासियों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों से मुक्ति दिलाने के लिए जल्द से जल्द सख्त कदम उठाने की मांग की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m