इंदर कुमार, जबलपुर। जबलपुर के खमरिया थाना क्षेत्र स्थित प्रतिष्ठित संस्थान पंडित द्वारका प्रसाद मिश्र भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी अभिकल्पन एवं विनिर्माण संस्थान (PDPM-IIITDM) से दुखद खबर सामने आई है। यहां संस्थान के नागार्जुन महिला छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रही थर्ड ईयर की एक छात्रा ने फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली है।
तेलंगाना की रहने वाली थी मृतका वैष्णवी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतका छात्रा की पहचान वैष्णवी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से तेलंगाना के वारंगल जिले के चंदवपल्ली नर्सपेट की रहने वाली थी। वह जबलपुर के ट्रिपल आईटी संस्थान में बीटेक थर्ड ईयर की पढ़ाई कर रही थी। हॉस्टल के कमरे में उसके द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम की भनक लगते ही संस्थान प्रबंधन और पुलिस महकमे में खलबली मच गई।
पुलिस ने शव मेडिकल कॉलेज भेजा, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय खमरिया थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खोलकर शव को पंखे से नीचे उतारा। पुलिस ने मृतका के कमरे की बारीकी से तलाशी लेने के साथ ही आसपास के लोगों और अन्य छात्राओं से पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल रवाना कर दिया है और मामले की गहन पड़ताल में जुट गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

