कुमार इंदर, जबलपुर। Jabalpur Boat Accident Live Video: मध्य प्रदेश के जबलपुर में नर्मदा नदी में एक बड़ा हादसा होने से टल गया। यहां रेस्क्यू के लिए तैनात होमगार्ड की एक नाव बीच नदी में अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के वक्त नाव में 16 लोग सवार थे। गनीमत रही कि नाव में सवार सभी लोगों ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी और पास मौजूद स्थानीय नाविकों ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे का रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो भी सामने आया है।

रेस्क्यू बोट पर घूमने सवार हुए थे 16 लोग

जानकारी के अनुसार, होमगार्ड की यह नाव नदी में आपातकालीन स्थिति और रेस्क्यू कार्यों के लिए तैनात की गई थी। लेकिन नाव चालक की घोर लापरवाही के चलते इसमें करीब 16 लोगों को सैर-सपाटे के लिए बैठा लिया गया। क्षमता से अधिक भार और चालक की लापरवाही के कारण बीच नदी में नाव असंतुलित होकर पलट गई।

लाइव जैकेट और स्थानीय नाविक बने रक्षक

नाव के डूबते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते नाव पानी के भीतर समा गई। हालांकि, सभी यात्रियों द्वारा लाइफ जैकेट पहने होने के कारण वे पानी की सतह पर तैरते रहे। घटना को देखते ही आसपास मौजूद स्थानीय नाविक तुरंत अपनी नावें लेकर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 16 लोगों को एक-एक कर सुरक्षित पानी से बाहर निकाला।

नाव चालक की लापरवाही आई सामने

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह हादसा पूरी तरह से नाव चालक की लापरवाही के कारण हुआ है। रेस्क्यू के उपयोग में आने वाली सरकारी नाव में इस तरह आम लोगों को घूमने के लिए ले जाना सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुट गए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m