इंदर कुमार, जबलपुर। मानसून आने वाला है और इसके साथ ही प्रदेश भर के किसान खरीफ फसलों की बुवाई की तैयारियों में जुट गए हैं। बुवाई के इस पीक सीजन में खेतों के लिए डीएपी खाद क मांग सबसे ज्यादा होती है लेकिन दुखद बात यह है कि अन्नदाताओं की इसी जरूरत और मजबूरी का फायदा उठाने के लिए मिलावटखोर और जालसाज भी सक्रिया हो गए हैं।

ये भी पढ़ें: ‘पेड़ के नीचे’ पाठशाला! हरदा के आदिवासी बच्चों का भविष्य आज भी ‘धुंधला’, आजादी के 77 साल बाद भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित

कृषि विभाग की टीम ने एक आकस्मिक जांच अभियान के तहत पाटन क्षेत्र में दबिश देकर नकली डीएपी (DAP) खाद बनाने वाली एक अवैध फैक्ट्री को पकड़ा है। यह पूरा काला कारोबार एक घर के भीतर गुपचुप तरीके से संचालित किया जा रहा था। विभाग की इस मुस्तैदी से किसानों को नकली खाद की सप्लाई होने से पहले ही रोक दिया गया है।

पाटन के करौंदी ग्राम में बनाया जा रहा था नकली DAP

कृषि विभाग को सूचना मिली थी कि पाटन के ग्राम करौंदी में बड़े पैमाने पर नकली खाद तैयार की जा रही है। इस इनपुट के आधार पर जब टीम ने अचानक छापा मारा तो अधिकारी भी दंग रह गए। वहां आरोपी बहादुर सिंह राजपूत ने अपने घर के भीतर ही नकली डीएपी खाद का भारी स्टॉक जमा कर रखा था। मौके से नकली डीएपी खाद बनाने में इस्तेमाल होने वाली कच्ची सामग्री, रसायन और अन्य उपकरण भी जब्त किया गया है।

ब्रांडेड कंपनी PPL के नाम पर खपाने की थी साजिश

आशंका जताई जा रही है कि आरोपी लोकल स्तर पर ही नामचीन और ब्रांडेड कंपनियों के हुबहू दिखने वाले खाली बैग छपवाता था। इसके बाद घर में तैयार की गई घटिया और नकली डीएपी खाद को इन ब्रांडेड बोरियों में तौलकर पैक किया जाता था, ताकि बाजार में इसे असली बताकर ऊंचे दामों पर किसानों को बेचा जा सके।

ये भी पढ़ें: सावधान! पेंशनर्स को ‘लाइफ सर्टिफिकेट’ के नाम पर चूना लगा रहे साइबर ठग, खाली हो सकता है बैंक खाता

कड़े कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज

कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस पूरे मामले में उर्वरक नियंत्रण आदेश (Fertilizer Control Order) एवं अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जब्त की गई खाद के सैंपल को लैब टेस्ट के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इस रैकेट में आरोपी बहादुर सिंह राजपूत के साथ और कौन-कौन से डीलर या लोकल छपाई करने वाले लोग शामिल हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m