कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में पुलिस अब डायरेक्टर बन गई है और फिल्मों की तरह कार्रवाई से बचने की स्क्रिप्ट लिखने लगी है। इसका खुलासा तब हुआ जब आरक्षक अवैध शराब की कार्रवाई से पहले आरोपी महिला को पूरी स्क्रिप्ट समझा रहे थे और उसे बेचारी बनने का नाटक करने के लिए कह रही थी। बस लाइट … कैमरा और एक्शन बोलने की देर थी और एक टेक में एक्टिंग हो जाती।
पुलिस ने अवैध शराब अड्डे पर मारा था छापा
पूरा मामला अधारताल थाना क्षेत्र का है जहां पुलिस ने अवैध शराब के अड्डे पर पुलिस ने दबिश दी थी। हवलदार सुग्रीव तिवारी, एफआरवी दल, महिला आरक्षक और अन्य स्टाफ के साथ कार्रवाई के लिए पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस ने महिला को अवैध शराब के साथ पकड़ा था। लेकिन इस कार्रवाई से पहले जो कुछ हुआ वह बेहद चौकाने वाला था।
स्क्रिप्टेड कहानी रचकर आरक्षक ने सिखाई एक्टिंग
आरक्षक ने एक स्क्रिप्ट तैयार की और आरोपी महिला को पूरी कहानी सुनाई। कार्रवाई से पहले एक नाटक रचा गया जिसमें कार्रवाई किस प्रकार होगी इसकी जानकारी भी दी गई। उन्होंने आरोपी महिला को एक्टिंग के गुर सिखाए और कब क्या बोलना है इसकी जानकारी भी दी। इसका वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने शुरू हो गए हैं। साथ ही निष्पक्ष कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
वायरल वीडियो के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप
वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। अफसरों ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है। हालांकि, वर्दी का गलत इस्तेमाल करने वाले पुलिसकर्मियों पर क्या कार्रवाई होती है यह देखना दिलचस्प होगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

