कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जबलपुर स्थित प्रसिद्ध बरगी बांध लबालब भरकर ओवरफ्लो हो गया है। कैचमेंट एरिया मंडला और डिंडोरी में हो रही भारी बारिश के कारण बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिसके बाद जल संसाधन विभाग ने बरगी बांध के 17 गेट खोल दिए हैं।

17 गेटों से छोड़ा जा रहा 6,121 क्यूमेक पानी

बरगी बांध प्रबंधन द्वारा बांध के 17 गेटों को 2.38 मीटर की ऊँचाई तक खोलकर लगभग 6,121 क्यूमेक पानी नर्मदा नदी में छोड़ा जा रहा है। पानी के अत्यधिक भराव और बहाव के कारण बांध के 21 गेटों से पानी उछलता हुआ दिखाई दे रहा है। जलस्तर में इस अप्रत्याशित बढ़ोतरी से नर्मदा नदी के सभी प्रमुख घाट जलमग्न हो गए हैं।

10 गांवों का टूटा संपर्क, प्रशासन अलर्ट पर

नर्मदा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। पानी के उफान पर होने से बरगी नगर, बिजौरा, बांदरकोला, खापा, बसा, दुर्गा नगर और प्रेम नगर समेत आसपास के करीब 10 गांवों का संपर्क मुख्य मार्ग से कट गया है।

निचले इलाकों के रहवासियों के लिए चेतावनी

प्रशासन और मंदिर/घाट प्रबंधन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और डूब क्षेत्र से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सख्त हिदायत दी है। लोगों को नर्मदा के जलभराव वाले क्षेत्रों और घाटों के पास न जाने की अपील की गई है, वहीं तटीय क्षेत्रों में पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमों को तैनात कर दिया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m