आशुतोष तिवारी, जगदलपुर। बस्तर के जगदलपुर में नगर निगम ने सालों से किराया जमा नहीं करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम की ओर से चलाए गए विशेष अभियान के तहत संजय बाजार की 15 दुकानों को सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान बकाया किराये के रूप में 1 लाख 42 हजार 640 रुपये की वसूली भी की गई।

निगम के राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा के मुताबिक, निगम की करीब 60 दुकानों पर लगभग 40 लाख रुपये का किराया बकाया है। कई दुकानदारों को बार-बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन इसके बावजूद राशि जमा नहीं की गई। इसी के चलते आयुक्त के निर्देश पर राजस्व विभाग ने सीलिंग अभियान शुरू किया है।

निगम का कहना है कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और बकाया किराया नहीं चुकाने वाले अन्य दुकानदारों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। अभियान के दौरान राजस्व विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही और बकायेदारों को जल्द भुगतान करने की चेतावनी दी गई। अब नोटिस के बाद सीधे कार्रवाई, निगम ने साफ कर दिया है कि सरकारी संपत्तियों का किराया बकाया रखने वालों को किसी तरह की राहत नहीं मिलेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m