Pratap Singh Singhvi House Theft: राजस्थान की राजधानी जयपुर में बुधवार देर रात भाजपा विधायक प्रताप सिंह सिंघवी के सिविल लाइंस स्थित निजी बंगले में चोरी की वारदात हुई। बारां जिले की छबड़ा विधानसभा सीट से विधायक सिंघवी का बंगला राजभवन के पास है।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, चोर घर से एक से सवा लाख रुपये नकद और कुछ आर्टिफिशियल आभूषण ले गया। घटना का पता गुरुवार सुबह चला, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में मुंह ढके एक संदिग्ध के घर में दाखिल होने की गतिविधियां कैद हुई हैं।
खिड़कियों के दरवाजे तोड़कर घर में घुसा चोर
पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध ने बंगले के पीछे की दीवार फांदकर परिसर में प्रवेश किया। उसने पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर मास्क लगा रखा था और हाथ में टॉर्च थी। घर के मुख्य परिसर में जाने से पहले उसने लॉन और गार्ड रूम की तरफ भी देखा। इसके बाद लॉन की ओर बनी खिड़कियों के दरवाजे तोड़कर वह अंदर दाखिल हुआ।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, संदिग्ध ने घर में अलमारियों की तलाशी ली और नकदी व आर्टिफिशियल आभूषण लेकर निकल गया। पुलिस अब फुटेज के आधार पर उसके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
घर में लोग मौजूद थे, बेटे को हुआ चोर का आभास
शिकायत में बताया गया है कि वारदात के समय विधायक के परिवार के सदस्य और अन्य लोग घर में मौजूद थे। स्टाफ की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, विधायक के बेटे को कुछ आभास हुआ तो वह बाहर देखने गए, लेकिन तब तक संदिग्ध वहां से निकल चुका था।
घटना के समय प्रताप सिंह सिंघवी अपने विधानसभा क्षेत्र में थे। चोरी की जानकारी मिलने पर उन्होंने जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल को इसकी सूचना दी।
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
सूचना मिलने के बाद सोडाला थानाधिकारी मनोज बेरवाल, सोडाला एसीपी जेठू सिंह और एडिशनल डीसीपी (साउथ) ललित कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू की।
एडिशनल डीसीपी ललित कुमार शर्मा के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर वारदात को अंजाम देने वाले व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
FSL टीम ने जुटाए सबूत, आसपास के कैमरों की भी जांच
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया। टीम की मदद से मौके से सबूत एकत्र किए जा रहे हैं। इसके साथ ही बंगले और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि संदिग्ध की गतिविधियों और उसके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
फिलहाल, शुरुआती जानकारी में नकदी और कुछ आर्टिफिशियल आभूषण चोरी होने की बात सामने आई है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने में जुटी है।
पढ़ें ये खबरें
- Bigg Boss 20: कैप्टेंसी टास्क में भिड़े यंग डीएसए और गूल्लू, माही विज-काजी तौकीर के बीच भी हुई बहस
- यूपी में सरकारी नौकरी के नियम बदले, हिंसक प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थियों पर कार्रवाई संभव
- विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा की संगठनात्मक तैयारी तेज, पांच राज्यों में सोशल मीडिया प्रभारियों की नियुक्ति, देखें लिस्ट…
- त्योहारी सीजन में अतिक्रमण पर कार्रवाई की चेतावनी पर भड़के व्यापारियों ने निकाली रैली, एसडीएम के आश्वासन पर बनी बात
- टीकमगढ़ में बर्तन व्यापारी के गोदाम पर छापा, जीएसटी चोरी की शिकायत; जांच-पड़ताल जारी
