Jaipur CJP Controversy: जयपुर में सरकारी स्कूल को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के अभियान के बाद विवाद बढ़ता जा रहा है। स्कूल विजिट के दौरान हुए कथित विवाद और मारपीट के बाद CJP ने सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था।

संगठन के फाउंडर अभिजीत दीपके ने जयपुर आकर आंदोलन करने की चेतावनी दी। इसके बाद राकेश गुर्जर नाम के शख्स का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उसने अभिजीत दीपके को धमकी दी है। राकेश वही व्यक्ति है, जिस पर 15 जून को जयपुर में प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके को थप्पड़ मारने का आरोप है और जिसे इस मामले में गिरफ्तार किया गया था।

स्कूल विजिट के बाद शुरू हुआ था विवाद

मामला जयपुर के रामपुरा-कंवरपुरा स्थित सरकारी स्कूल से जुड़ा है। CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका कुछ कार्यकर्ताओं के साथ स्कूल का निरीक्षण करने गांव पहुंचे थे। CJP का आरोप है कि इस दौरान ग्रामीणों ने संगठन के कार्यकर्ताओं का विरोध किया और उनके साथ मारपीट की। घटना में CJP के एक नेता का हाथ फ्रैक्चर होने और कई अन्य कार्यकर्ताओं के घायल होने का दावा किया गया। घटना के बाद आशुतोष रांका ने मारपीट में शामिल लोगों पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि CJP कार्यकर्ताओं के साथ हिंसा करने वाले लोग बीजेपी के भेजे हुए गुंडे थे। साथ ही उन्होंने स्कूल की स्थिति सुधारने के लिए सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया।

अभिजीत दीपके ने दी जयपुर में आंदोलन की चेतावनी

आशुतोष रांका के अल्टीमेटम के बाद CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने भी जयपुर पहुंचकर आंदोलन करने की चेतावनी दी। एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि अगर 48 घंटे में स्कूल को ठीक कराने की कार्रवाई नहीं हुई और हिंसा में शामिल लोगों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वह खुद जयपुर आएंगे और स्कूल के सामने बैठेंगे। इसी के बाद राकेश गुर्जर का कथित वीडियो सामने आया, जिसमें उसने अभिजीत दीपके को जयपुर आने को लेकर धमकी दी।

धमकी वाले वीडियो में क्या कहा?

वीडियो में राकेश गुर्जर ने अभिजीत दीपके के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। उसने कहा कि जयपुर आने की हिमाकत न करें और दावा किया कि गांव वाले CJP कार्यकर्ताओं की कथित गुंडागर्दी के खिलाफ एकजुट हैं। राकेश ने आगे धमकी देते हुए कहा कि अगर अभिजीत दीपके जयपुर आए तो इस बार उनका खेल खत्म कर दिया जाएगा। उसने यह भी कहा कि वे इस बार 3.0 की तैयारी में हैं और उन्हें हमेशा के लिए रगड़कर नाली में फेंक देंगे।

कौन है राकेश गुर्जर?

राकेश गुर्जर वही शख्स है, जिस पर 15 जून 2026 को जयपुर के शहीद स्मारक पर CJP के प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके को थप्पड़ मारने का आरोप लगा था। इस घटना के बाद पुलिस ने राकेश गुर्जर समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। राकेश जयपुर के बगरू थाना क्षेत्र के कुचावास का रहने वाला बताया गया है। थप्पड़ मारने की घटना के बाद राकेश ने खुद को राष्ट्रवादी बताते हुए CJP पर गंभीर आरोप लगाए थे। उसने कहा था कि पेपर लीक सिर्फ संगठन का बहाना है।

स्कूल अभियान को लेकर पहले भी हुआ है विवाद

CJP के स्कूल ठीक करो अभियान के बाद देश के अलग-अलग हिस्सों में विवाद सामने आए हैं। जयपुर में रामपुरा-कंवरपुरा के सरकारी स्कूल को लेकर हुआ ताजा विवाद इसी अभियान से जुड़ा है। अब संगठन की ओर से आंदोलन की चेतावनी और उसके बाद सामने आई धमकी ने मामले को और गरमा दिया है। फिलहाल विवाद के बीच दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं।

पढ़ें ये खबरें